आंधी-बारिश से पीएम श्री नवोदय विद्यालय को भारी नुकसान

आंधी-बारिश से पीएम श्री नवोदय विद्यालय को भारी नुकसान

छह दर्जन से अधिक पेड़ हुए जमींदोज,एक दर्जन बिजली के खंबे हुए ध्वस्त

विद्यालय परिसर में बिजली आपूर्ति ठप

किशनगंज. जिले में बीती रात तेज आंधी-तूफान ने व्यापक तबाही मचाई है. इस प्राकृतिक आपदा का सबसे अधिक असर मोतिहारा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर पर पड़ा, जहां भारी नुकसान की खबर सामने आई है. विद्यालय परिसर में लगभग 70 से अधिक पेड़ जड़ से उखड़ गए, कई टूट गए, कई पेड़ तो हॉस्टल के मुख्य द्वार पर ही गिर गए. 12 से अधिक बिजली के खंभे पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं. इसके चलते पूरे कैंपस में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है. शनिवार व रविवार की रात को करीब सवा बारह बजे आधी ने ऐसा कहर मचाया कि करीब आधे घंटे में ही पीएम श्री नवोदय विद्यालय परिसर को अव्यवस्थित कर दिया.

विद्यालय के प्राचार्य मेराज आलम ने बताया कि तूफान की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मजबूत पेड़ भी टिक नहीं पाए.उन्होंने कहा कि इस भीषण आंधी-तूफान ने विद्यालय की आधारभूत संरचना को काफी नुकसान पहुंचाया है.पेड़ों के गिरने से कई रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे आवागमन में भी दिक्कत हो रही है.

प्राचार्य के अनुसार, विद्यालय परिसर की पूर्वी दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई है. बिजली के खंभे गिरने के कारण पूरे परिसर में अंधेरा छा गया है. छात्र-छात्राओं के हॉस्टल, कक्षाएं और प्रशासनिक भवन सभी बिजली आपूर्ति बाधित होने से प्रभावित हैं. विद्यालय प्रशासन द्वारा जनरेटर के माध्यम से आवश्यक सेवाओं जैसे पानी को चालू रखने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन यह व्यवस्था सीमित है. कैंपस में गिरे पेड़ों को काटने और अवरुद्ध मार्ग को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है. इस आपदा के कारण विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का तेज तूफान काफी समय बाद देखने को मिला है, जिसने कई क्षेत्रों में नुकसान पहुंचाया है. कुल मिलाकर, इस आंधी-तूफान ने किशनगंज में जनजीवन को प्रभावित किया है. वहीं पीएम श्री नवोदय विद्यालय को हुए नुकसान की भरपाई में अभी समय लग सकता है. बिजली आपूर्ति ठप रहने से कैंपस में रह रहे 500 से अधिक छात्र,छात्राएं एवं शिक्षक तथा कर्मियों की परेशानी बढ़ गई है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >