किशनगंज
विश्वभर में सात सितम्बर को अंतर्राष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस मनाया जाता है, ताकि स्वच्छ वातावरण और नीला आसमान बनाए रखने की दिशा में लोगों को प्रेरित किया जा सके. सोमवार को सदर अस्पताल परिसर में जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा यह दिवस मनाया गया, जिसमें प्रभारी सिविल सर्जन डॉ उर्मिला कुमारी, सदर अस्पताल उपाधीक्षक समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया.प्रभारी सिविल सर्जन डॉ उर्मिला कुमारी ने कहा कि प्रदूषित वायु धीरे-धीरे हमारे शरीर को नुकसान पहुंचाती है. बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों पर इसका प्रभाव सबसे अधिक पड़ता है. उन्होंने बताया कि धूम्रपान, कचरे का जलना, खुले में खाना पकाने के लिए लकड़ी-कोयले का उपयोग और बढ़ते वाहन प्रदूषण इसके मुख्य कारण हैं. डॉ. कुमारी ने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक पेड़ लगाएं, वाहनों का सीमित उपयोग करें और धूम्रपान जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहें.
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ अनवर हुसैन ने कहा कि स्वच्छ हवा केवल स्वास्थ्य का ही नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास का भी आधार है. प्रदूषण के कारण अस्पतालों में श्वसन रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि यदि हम अभी से सतर्क नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना कठिन हो जाएगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
