सड़क व पुल निर्माण नहीं होने से भड़का आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

सड़क व पुल निर्माण नहीं होने से भड़का आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

तुलसीया से नया गोरूमाढा तक पक्की सड़क न होने से आक्रोश, आंदोलन की दी चेतावनी

दिघलबैंक. प्रखंड अंतर्गत पंचायत धनगढ़ा के वार्ड संख्या छह में आज तक पुल एवं पक्की सड़क का निर्माण नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है. वर्षों से बुनियादी आवागमन सुविधाओं से वंचित इस क्षेत्र के लोगों का धैर्य अब जवाब देने लगा है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क और पुल के अभाव में उन्हें रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

छात्रों व मरीजों की बढ़ी मुश्किलें

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क न होने से छात्र-छात्राओं को विद्यालय जाने में काफी परेशानी होती है. वहीं, आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल तक पहुंचाना एक बड़ी चुनौती बन जाता है. किसानों को भी अपने उत्पाद बाजार तक ले जाने में काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं. बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है जब कच्ची सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं और क्षेत्र का संपर्क अन्य इलाकों से पूरी तरह टूट जाता है.

पुल व पक्की सड़क की प्रमुख मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुलसीया से पत्थहरघट्टी स्थित कालपीर झील के समीप अविलंब पुल का निर्माण व वार्ड संख्या छह के तुलसीया से पत्थहरघट्टी जफीर टोला होते हुए नया गोरूमाढा तक पक्की सड़क निर्माण की तत्काल स्वीकृति की मांग की है. ग्रामीण एहकाम हसन, मिन्हाज हसन, एहतशामुल हसन, नसरुल, साबीर आलम, तहा गुलाम सहित अन्य ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गये तो वे चरणबद्ध आंदोलन करने को मजबूर होंगे. उन्होंने उम्मीद जतायी है कि प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही सकारात्मक पहल करेगा, ताकि क्षेत्रवासियों को बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >