लापरवाह विद्यालयों से पूछा स्पष्टीकरण, गिर सकती है गाज
Copied link
मध्याह्न भोजन योजना के तहत आयरन फोलिक एसिड वितरण से संबंधित डाटा की शत-प्रतिशत प्रविष्टि नहीं होने पर विभाग सख्त हो गया है
आयरन फोलिक एसिड का शत-प्रतिशत डाटा अपलोड नहीं करने वाले विद्यालयों को दी चेतावनी
किशनगंज.
मध्याह्न भोजन योजना के तहत आयरन फोलिक एसिड वितरण से संबंधित डाटा की शत-प्रतिशत प्रविष्टि नहीं होने पर विभाग सख्त हो गया है. इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन योजना ने पत्र जारी कर जिले के कई विद्यालयों से स्पष्टीकरण मांगा गया है. जारी पत्र के अनुसार, जिले के विभिन्न प्रखंडों के सैकड़ों विद्यालयों में आइएफए वितरण का ऑनलाइन डाटा समय पर अपलोड नहीं किया गया, जिससे विभागीय समीक्षा में गंभीर कमी उजागर हुई है. सूची में बहादुरगंज, दिघलबैंक, किशनगंज, कोचाधामन, पोठिया, टेढ़ागाछ व ठाकुरगंज प्रखंड के अनेक विद्यालय शामिल हैं. विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि यह लापरवाही न केवल योजना की निगरानी को प्रभावित करती है, बल्कि छात्रों के स्वास्थ्य कार्यक्रम की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े करती है. संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से तत्काल स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है. सूत्रों के अनुसार, कई विद्यालयों में तकनीकी समस्याएं, इंटरनेट की कमी तथा संसाधनों के अभाव के कारण डाटा प्रविष्टि बाधित हुई है, हालांकि विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारी तय करने के संकेत दिए हैं . इधर, शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से विद्यालयों में हड़कंप मच गया है और लंबित डाटा को तेजी से अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. विभाग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है.
अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.