किशनगंज जिले में शराब तस्करों और शराबियों के विरुद्ध उत्पाद विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है. निरंतर जांच अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने गलगलिया चेक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को भारी मात्रा में शराब के साथ गिरफ्तार किया है. उत्पाद निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि बिहार-बंगाल सीमा पर स्थित गलगलिया चेक पोस्ट पर अवर निरीक्षक कुंज बिहारी सिंह अपनी टीम के साथ वाहनों की सघन तलाशी ले रहे थे. इसी दौरान बंगाल की ओर से आ रही एक पिकअप वैन को संदेह के आधार पर रोका गया. तलाशी के दौरान पिकअप वैन से कुल 405 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. मौके से अब्दुल रहीम जिला पूर्व सिंहभूम झारखंड निवासी को गिरफ्तार किया गया. दूसरी ओर सहायक अवर निरीक्षक कृष्णा नंदन कुमार फ़रिमगोला चेक पोस्ट से 930 मिलीग्राम शराब के साथ एक व्यक्ति कमलेश्वर साह को गिरफ्तार किया. उत्पाद विभाग द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों का सदर अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया. इसके उपरांत उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 405 लीटर विदेशी शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
तलाशी के दौरान पिकअप वैन से कुल 405 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई.
