बहादुरगंज में 135 लीटर विदेशी शराब जब्त, एक्सयूवी-700 के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज के बहादुरगंज में पुलिस ने XUV 700 से 135 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की है। एक तस्कर गिरफ्तार, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

किशनगंज : गुप्त सूचना के आधार पर बहादुरगंज पुलिस ने शुक्रवार तड़के एनएच-327ई पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 लीटर विदेशी शराब की खेप बरामद की है. पुलिस ने शराब से लदी एक्सयूवी-700 वाहन को जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे वाहन में सवार 3-4 तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए.

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब चार बजे सूचना मिली थी कि ठाकुरगंज-बहादुरगंज एनएच-327ई पर राजस्थानी ढाबा के समीप पंचर खड़ी एक एक्सयूवी-700 से काले रंग की थार में शराब की पेटियां उतारी जा रही हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची.

पुलिस को देखते ही भागे तस्कर

पुलिस को देखते ही थार में सवार 3-4 तस्कर मौके से फरार हो गए. हालांकि पंचर खड़ी एक्सयूवी-700 और उसमें मौजूद एक युवक को पुलिस ने दबोच लिया.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय किशन कुमार, पिता महेश सिंह, निवासी सिद्धिघाट, थाना रोड, खगड़िया के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें 15 कार्टन में पैक अलग-अलग ब्रांड की कुल 135 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.

फरार तस्करों की पहचान, तलाश जारी

पुलिस जांच में फरार आरोपियों की पहचान खगड़िया जिले के बखड़ी निवासी 20 वर्षीय पीयूष गुप्ता, 19 वर्षीय पीयूष पोद्दार तथा ननकू टोला निवासी 18 वर्षीय रितु कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी समेत सभी नामजद तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है.

और पढ़ें : ठाकुरगंज के सरकारी स्कूलों को मिली 3,940 पाठ्यपुस्तकें, जल्द शुरू होगा वितरण


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

नरेंद्र कुमार झा प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बहादुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >