किशनगंज में शॉर्टकट के चक्कर में पटरी पार कर रहे यात्री, स्टेशन पर हर पल हादसे का खतरा

Kishanganj News: किशनगंज मेंरेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को लापरवाही की ऐसी तस्वीर सामने आयी जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए. फुट ओवरब्रिज होने के बावजूद यात्री जान जोखिम में डालकर सीधे रेलवे ट्रैक पार करते नजर आए. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कुली भी नियमों को ताक पर रखकर पटरी पार करते दिखे.

Kishanganj News: किशनगंज से रंजीत रामदास की रिपोर्ट . किशनगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और कुलियों की खतरनाक लापरवाही लगातार देखने को मिल रही है. प्लेटफॉर्म बदलने के लिए रेलवे द्वारा फुट ओवरब्रिज की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है, लेकिन इसके बावजूद लोग समय बचाने और शॉर्टकट के चक्कर में सीधे पटरी पार कर रहे हैं. इस दौरान महिलाएं, बच्चे और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्री भी ट्रैक पार करते नजर आए, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है.

कुलियों ने भी तोड़े सुरक्षा नियम

स्टेशन परिसर में सामने आयी तस्वीरों में एक कुली सिर पर सूटकेस रखकर रेलवे ट्रैक पार करता दिखाई दिया. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब स्टेशन पर काम करने वाले लोग ही सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करेंगे तो आम यात्रियों से क्या उम्मीद की जा सकती है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि जल्दबाजी और दूरी बचाने के कारण लोग फुट ओवरब्रिज का उपयोग करने से बचते हैं. यही वजह है कि लगातार चेतावनी के बावजूद लोग पटरी पार करने से बाज नहीं आ रहे.

हर समय बना रहता है हादसे का खतरा

रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पार करना पूरी तरह प्रतिबंधित है. इसके बावजूद कई बार ट्रेन के अचानक आने से दुर्घटना जैसी स्थिति बन जाती है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्ती नहीं बढ़ायी गयी तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

महिलाओं और बच्चों का भी ट्रैक पार करना सुरक्षा के लिहाज से बेहद खतरनाक माना जा रहा है. स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि कई बार लोग ट्रेन आने के बावजूद जल्दबाजी में पटरी पार करने लगते हैं.

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

स्टेशन परिसर में लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर भी सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित निगरानी और कार्रवाई नहीं होने के कारण लोग नियमों को गंभीरता से नहीं लेते.

रेलवे द्वारा लगातार घोषणाएं कर यात्रियों को ट्रैक पार नहीं करने की सलाह दी जाती है. प्लेटफॉर्म पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, लेकिन इसका असर जमीन पर कम दिखाई दे रहा है.

रेलवे ने दी सख्त चेतावनी

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों और कुलियों से केवल फुट ओवरब्रिज का उपयोग करने की अपील की है. साथ ही ट्रैक पार करते पकड़े जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी है.

अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है.

Also Read: मधेपुरा में दिनदहाड़े किसान से लूट की कोशिश, कट्टा सटाकर की मारपीट, इलाके में दहशत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >