किशनगंज. पूर्णिया प्रक्षेत्र के आईजी विवेकानंद ने मंगलवार को किशनगंज सदर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया. इस दौरान एसपी संतोष कुमार भी मौजूद रहे. आईजी के थाना पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गॉड ऑफ ऑनर दिया. करीब तीन घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली और पुलिसिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गयी.
पुलिस अभिलेखों और लंबित कांडों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान आईजी ने पुलिस अभिलेखों के संधारण, लंबित कांडों के अनुसंधान, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने गंभीर मामलों में दर्ज कांडों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
महिला अपराधों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई
आईजी ने महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया. उन्होंने थाना परिसर और विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया तथा पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता से हो निष्पादन
आईजी विवेकानंद ने पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे. उन्होंने फरियादियों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को अपनी शिकायत के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना चाहिए.
पर्व-त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए आईजी ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस व्यवस्था को तैयार रखने पर जोर दिया.
पुलिस पदाधिकारी और कर्मी रहे मौजूद
वार्षिक निरीक्षण के दौरान किशनगंज सदर थाना के वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे. आईजी ने थाना की पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया.
