ठाकुरगंज (किशनगंज) बच्छराज नखत की रिपोर्ट. एनएच327 ई बिहार- बंगाल के गलगलिया चेकपोस्ट पर शनिवार को पुलिस की सख्त जांच के दौरान कोयला लदे चार ट्रकों को प्रशासन ने जप्त कर लिया. प्रारंभिक जांच में वाहनों के कागजात में गड़बड़ी और परिवहन नियमों के उल्लंघन की आशंका जताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार, चेकपोस्ट पर तैनात टीम द्वारा नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान संदिग्ध स्थिति में गुजर रहे चार ट्रकों को रोककर तलाशी ली गई. जांच के दौरान ट्रकों में लदे कोयले के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद सभी वाहनों को तत्काल जब्त कर लिया गया. मामले की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ 2 मंगलेश कुमार गलगलिया थाना पहुचे और मामले की जांच की . प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि गलगलिया चेकपोस्ट पर अवैध खनन और बिना अनुमति परिवहन के मामलों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है. हाल के दिनों में कई जगहों पर इसी तरह की कार्रवाई में कोयला लदे ट्रक पकड़े गए हैं, जहां दस्तावेजों की कमी और टैक्स से जुड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं. जप्त किए गए ट्रकों को चेकपोस्ट परिसर में रखा गया है और संबंधित मालिकों व चालकों के साथ इंट्री माफिया के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. अधिकारियों ने संकेत दिया है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद जुर्माना और प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है .
Kishanganj. पुलिस की सख्ती से कोयला लदे चार ट्रक जब्त
पुलिस की सख्ती से कोयला लदे चार ट्रक जब्त
