एलपीजी की किल्लत व बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने जलाया पीएम का पुतला

एलपीजी की किल्लत व बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने जलाया पीएम का पुतला

रसोई गैस की कमी से स्कूलों में एमडीएम बंद, प्रवासियों के सामने रोजी-रोटी का संकट

पहाड़कट्टा. पोठिया में गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने एलपीजी सिलिंडर की किल्लत व बढ़ती कीमतों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान केंद्र सरकार के प्रति आक्रोश जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया.

सरकार की नीतियों के विरुद्ध प्रदर्शन

प्रखंड कार्यकारी अध्यक्ष सुमेर आलम ने कहा कि रसोई गैस की भारी किल्लत व बढ़ती कीमतों के विरुद्ध बिहार प्रदेश कांग्रेस समिति के आह्वान पर सभी प्रखंडों में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है. इसी के मद्देनजर पोठिया प्रखंड में भी एलपीजी सिलिंडर की किल्लत, पेट्रोल-डीजल व बिजली की दरों में बढ़ोतरी को देखते हुए यह कार्रवाई की गयी. कांग्रेस नेता सह पूर्व प्रमुख मो जाकिर हुसैन ने आरोप लगाया कि सरकार ने न केवल एलपीजी की कीमतें बढ़ायी हैं, बल्कि सिलिंडर मिलने की अवधि भी 30 से बढ़ाकर 45 दिन कर दी है.

आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित

गैस की कमी के कारण छात्रों के मेस, होटल व रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर हैं. कई सरकारी स्कूलों में गैस न होने से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) बंद हो चुका है. प्रवासी मजदूर भी चूल्हा-चौकी बंद होने के कारण अपने घरों को लौटने पर मजबूर हैं. गैस एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं, लेकिन न तो केंद्र और न ही बिहार सरकार इस ओर ध्यान दे रही है. वरिष्ठ कांग्रेस नेता मो जहांगीर आलम ने कहा कि पेट्रोलियम मंत्री राहत देने के बजाय बुकिंग की अवधि बढ़ाकर उपभोक्ताओं में भ्रम पैदा कर रहे हैं.

स्मृति ईरानी पर साधा निशाना

बुधरा मुखिया प्रतिनिधि मो जावेद आलम ने कहा कि जब देश में कांग्रेस की सरकार थी व सिलिंडर महज 350 रुपये का था, तब भाजपा नेत्री स्मृति ईरानी खाली सिलिंडर दिखाकर प्रदर्शन करती थीं. उन्होंने मांग की कि सरकार जल्द स्थिति सामान्य करे, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जायेगा.

मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता मो जहांगीर आलम, कार्यकारी अध्यक्ष सुमेर आलम, उपाध्यक्ष मो रेहान, आबिद हुसैन, पूर्व प्रमुख मो जाकिर हुसैन, युवा प्रखंड अध्यक्ष मो बदरुल आलम, मुखिया प्रतिनिधि मो जावेद आलम, मो यूनुस, मो अफजल, मो एहसान, अब्दुल खालिक, धूलिया राय, सोशल मीडिया प्रभारी मो आरजू प्रिंस सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >