किशनगंज गृह मंत्री अमित शाह के संभावित किशनगंज भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनज़र एएसएल (एडवांस सिक्योरिटी लाइजन) से पूर्व ब्रीफिंग संबंधी बैठक जिला परिषद के मेची सभागार में आयोजित की गई. बैठक में एएसएल टीम के सदस्यों एवं जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया. बैठक में एएसएल टीम द्वारा अवगत कराया गया कि गृह मंत्री का आगमन दिनांक 25 फरवरी को लगभग 4:30 बजे किशनगंज में प्रस्तावित है. आगमन के उपरांत सर्वप्रथम जिला परिषद के मेची सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी. तत्पश्चात एमजीएम में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम निर्धारित है. इसके पश्चात दिनांक 26 फरवरी को लगभग 11 बजे किशनगंज से अररिया के लिए प्रस्थान प्रस्तावित है. ब्रीफिंग के दौरान क्युआरटी टीम की तैनाती, अग्निशमन दस्ता की उपलब्धता, यातायात प्रबंधन, कार्केड की मूवमेंट, हेलीपैड सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था, विश्राम स्थल, मेडिकल इमरजेंसी प्रबंधन सहित सभी सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर बिंदुवार और विस्तृत चर्चा की गई. यह भी निर्णय लिया गया कि बैठक में भाग लेने हेतु कार्केड एवं अन्य वाहनों का प्रवेश नगर परिषद गेट की ओर से तथा निकास जिला परिषद गेट की ओर से सुनिश्चित किया जाएगा. एएसएल टीम द्वारा सभी निर्धारित स्थलों का सूक्ष्म निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक जांच की जा रही है. जिला पदाधिकारी विशाल राज ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ टीम भावना में कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी स्थलों पर प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने हेतु लाइजनिंग सेल के गठन का निर्देश दिया तथा बैठक व्यवस्था, बैठने की रूपरेखा एवं अन्य आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर बल दिया. पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी. उन्होंने कहा कि मेडिकल इमरजेंसी, कार्केड, हेलीपैड सुरक्षा, ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग एवं विश्राम स्थल सहित सभी व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर त्रुटि की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए. संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर से सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करने को कहा गया. कार्केड का रिहर्सल अपराह्न 3:30 बजे आयोजित करने का निर्णय लिया गया. बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.
गृह मंत्री के संभावित भ्रमण को लेकर एएसएल से पूर्व ब्रीफिंग बैठक आयोजित
निकास जिला परिषद गेट की ओर से सुनिश्चित किया जाएगा.
