खिरदह समदा गांव के पास सनसनी, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पहचान की कोशिशें जारी
किशनगंज. सदर थाना क्षेत्र के खिरदह समदा गांव के पास मकई के खेत में रविवार को एक अज्ञात युवक का शव मिला है. शव निर्वस्त्र था, जिसकी उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जाती है. प्रथमदृष्टया गला रेतकर हत्या करने के बाद शव को खेत में फेंक देने की आशंका जतायी गयी है.सूचना पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की छानबीन में जुट गयी. शव को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाया गया है. दोपहर में वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद धीरे-धीरे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गयी.
हत्या कहीं और कर शव फेंके जाने का अनुमान
घटनास्थल मुख्य सड़क मार्ग से करीब चार किलोमीटर की दूरी पर है. ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या कहीं और की गयी हो सकती है व साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को मकई के खेत में फेंका गया होगा. शव पर कपड़ों का न होना और गले पर गहरे जख्म के निशान हर किसी को हैरान कर रहे हैं.
पहचान के प्रयास में जुटी पुलिस
सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. मृतक की लंबाई लगभग 5 फीट 6 इंच है. फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पायी है. पुलिस शव के चेहरे व शरीर के निशानों के आधार पर शिनाख्त का प्रयास कर रही है. आसपास के गांवों में भी पूछताछ की जा रही है.
सदर थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आयी है कि युवक की हत्या कर उसके शव को मकई के खेत में छोड़ दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा. इस घटना से इलाके के लोग दहशत व हैरानी में हैं.