हर्षोल्लास के साथ मना पोइला बैसाख, नये साल का हुआ स्वागत

हर्षोल्लास के साथ मना पोइला बैसाख, नये साल का हुआ स्वागत

मंदिरों में उमड़ी भीड़, परंपराओं व पूजा-अर्चना के साथ मनाया बांग्ला नववर्ष

पौआखाली. बंगाली समुदाय का प्रमुख त्योहार पोइला बैसाख यानी बांग्ला नववर्ष बुधवार को पूरे क्षेत्र में हर्षोल्लास व पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया गया. नये साल के आगमन पर चारों ओर उत्सव का माहौल रहा, जहां लोगों ने पुरानी यादों को विदा कर नयी उम्मीदों के साथ नये साल का स्वागत किया. लोगों ने परंपराओं का निर्वहन करते हुए बड़ों का आशीर्वाद लेकर दिन की शुरुआत की. सुबह स्नान-ध्यान के बाद बच्चों व युवाओं ने अपने से बड़ों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया. इसके बाद परिवार के साथ मंदिरों में जाकर भगवान की पूजा-अर्चना की व नये साल में सुख, शांति व समृद्धि की कामना की. पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए लोगों ने चैत्र मास की अंतिम रात को बनाए गए विशेष भोजन जैसे बासी भात, माछेर झोल व सहजन की सब्जी को नववर्ष के पहले दिन आनंदपूर्वक ग्रहण किया. नववर्ष के अवसर पर पेटभरी गांव स्थित माता भगवती मंदिर में विशेष रौनक देखने को मिली. सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही. यहां बंगाली समाज के साथ-साथ अन्य समुदाय के लोगों ने भी पहुंचकर माता भगवती के चरणों में माथा टेका व सुख-समृद्धि की कामना की. मंदिर में व्यवस्थापक रंजित गोस्वामी, जयकुमार सिंह, विपिन सिंह, उमाकांत गोस्वामी, भवेश गोस्वामी व महादेव सिंह सहित अन्य लोग सेवा में जुटे रहे व श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया. वहीं नववर्ष के मौके पर बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला. कई दुकानदारों ने नये साल के बहीखाते की शुरुआत की व ग्राहकों का मिठाइयों से स्वागत किया. कुल मिलाकर पूरे क्षेत्र में पोइला बैसाख का पर्व श्रद्धा, उल्लास व पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >