-अधेड़ के पुत्र के बयान पर मामला दर्ज
पौआखाली, किशनगंजः सुखानी पुलिस ने थाना क्षेत्र के भौराभीट्ठा गांव के समीप रसिया मंगलवार की सुबह साबोडांगी प्रधानमंत्री सड़क के किनारे एक अधेड़ की लाश बरामद की. अधेड़ की अपराधियों ने तेज धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी है. पुलिस ने अधेड़ के पुत्र के बयान एक मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
अधेड़ पौआखाली थाना क्षेत्र के चपाती गांव का रहने वाला था. उसका नाम लखन लाल मंडल बताया जाता है. इधर सुखानी थानाध्यक्ष जय शंकर प्रसाद ने घटना स्थल से बरामद किये गये अपराधियों का मफलर, ट्रार्च, चप्पल आदि के जरिये हत्यारों की गिरफ्तारी की कोशिश कर रहे हैं. एसएसबी के डॉग स्क्वायड टीम का भी सहयोग लिया जा रहा है. हालांकि, खोजी कुत्ते के जरिये लखन के गांव के निकटवर्ती गांव बलकाडुब्बा से डोमा लाल राम के घर से खोजी कुत्ते ने एक शर्ट निकाली है. इसमें खून के निशान पाये गये हैं.
वहीं खोजी कुत्ते ने उनके भाई राज कुमार राम के घर में घुस कर वहां रखे हुए सामानों को सूंघा है. इसके बाद पुलिस ने डोमा राम को सुखानी थाना ले आया, जहां लखन का पुत्र अनिल मंडल के फर्द बयान पर डोमा राम, राज कुमार राम, बिजली देवी व अन्य के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोपी डोमा राम ने चार वर्ष पूर्व लखन मंडल के नाम पर फर्जी लोन निकलवाया था. इस मामले में लखन मंडल ने डोमा राम पर केस किया था.
