किशनगंज : कोचाधामन प्रखंड के बारहमसिया गांव में प्रतिमा विसजर्न के दौरान पूर्व में हुए विवाद में एक पक्ष के लोगों ने 25 वर्षीय एक युवक की पिटाई करने के बाद उसकी आंखों में तेजाब डाल दिया. बुधवार की संध्या बारहमसिया गांव में युवकों की टोली गाजे-बाजे के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा विसजर्न करने जा रही थी.
इस टोली में गांव के विष्णु शर्मा भी शामिल थे. युवकों की टोली ज्यों ही गांव के आखिरी छोर पर पहुंची तो पूर्व से घात लगाये गांव के ही राम प्रसाद शर्मा व उनके पुत्र अरुण शर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर विष्णु को घेर लिया. इसके बाद लात-घूसा व लाठी-डंडे से उसकी पिटाई कर दी. बेरहमी से पीटे जाने के
कारण विष्णु बेहोश होकर गिर पड़ा. इसके बाद उसकी आंखों में तेजाब डाल कर घटना स्थल से फरार हो गये. घायल विष्णु घटना स्थल पर छटपटाता रहा. कुछ देर बाद ग्रामीणों के साथ प्रतिमा विसजर्न के लिए जा रहे अन्य युवक वहां पहुंचे.
उनलोगों ने घायल विष्णु को इलाज के लिए कोचाधामन पीएचसी में भरती कराया. वहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद स्थानीय सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में समुचित इलाज के अभाव में उसे बेहतर उपचार के लिए एमजीएम कॉलेज किशनगंज रेफर कर दिया. एमजीएम कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भरती पीड़ित युवक जिंदगी की जंग लड़ रहा है.
कुछ कह पाना मुश्किल
पीड़ित का इलाज कर रहे चिकित्सक कुमार कौस्तोफ ने बताया कि पीड़ित की आंखों के अंदर तेजाब चले जाने से उसकी आंखों की रोशनी चले जाने का खतरा है. युवक का चेहरा भी बुरी तरह से झुलस चुका है. उसके सिर पर चोट की सिलाई किये जाने के बावजूद रक्त स्त्रव नहीं रुक रहा है. उन्होंने बताया कि घायल के सिर व छाती की पसलियों के भी टूटने की आशंका है. अगले 48 घंटे तक उनके बारे में कुछ भी कह पाना मुश्किल है. इधर, पीड़ित युवक के परिजनों ने स्थानीय प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिये जाने की मांग की है.
दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी. जिसकी प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. उन्होंने कहा कि तेजाब संबंधी कोई बात उनके परिजनों द्वारा नहीं बतायी गयी थी. जबकि मारपीट के क्रम में उपयोग में लाये गये दो काड़ा (मठिया) पुलिस ने घटनास्थल से बरामद किया है.
प्रशांत कुमार, थानाध्यक्ष, कोचाधामन
