पंचायत चुनाव. कोचाधामन में चुनाव आज, तैयारी पूरी, चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था
आज सभी 2052 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में बंद हो जायेगा. पंचायत चुनाव के इस महासमर में 24 पंचायतों में 2052 प्रत्याशियों में पुरुषों की अपेक्षा महिला प्रत्याशी की संख्या अधिक है. जिसमें पुरुष 989 तो महिला 1063 पदों पर चुनाव लड़ रही हैं.
कोचाधामन : पंचायत चुनाव के तहत दूसरे चरण के दौड़ में कोचाधामन प्रखंड के विभिन्न 24 पंचायतों में मतदान आज. जहां पंचायत जनप्रतिनिधियों के लिए सृजित कुल 752 पद के विरुद्ध 2052 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 170079 मतदाता करेंगे.
आज सभी 2052 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटी में बंद हो जायेगा. पंचायत चुनाव के इस महासमर में 24 पंचायतों में 2052 प्रत्याशियों में पुरुषों की अपेक्षा महिला प्रत्याशी की संख्या अधिक रही है.
जिसमें पुरुष 989 एवं महिला 1063 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है. जबकि 24 मुखिया पद के लिए कुल 159 प्रत्याशियों में पुरुष 70 एवं 89 महिला, 24 सरपंच पद के लिए 127 प्रत्याशियों में पुरुष 54 एवं महिला 73, 34 पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 200 प्रत्याशियों में पुरुष 94 एवं महिला 106, ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 1193 प्रत्याशियों में पुरुष 549 एवं महिला 544 तथा ग्राम पंचायत पंच सदस्य के लिए कुल 473 प्रत्याशियों में पुरूष 222 एवं महिला 251 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है.
बीडीओ मृत्युंजय कुमार ने बताया कि मतदान को लेकर सभी तैयारियां पूरी करते हुए मतदान कर्मी एवं सुरक्षा बलों को उनके निर्दिष्ट बूथों तक भेज दिया गया है तथा स्वच्छ तथा निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान को लेकर प्रशासन कृत संकल्पित है. शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रखंड में कुल 346 मतदान केंद्र बनाये गये है. जिसमें 11 सहायक मतदान केंद्र शामिल है. वहीं श्री कुमार ने बताया कि 346 बूथों में 314 संवेदनशील एवं 32 अति संवेदनशील मतदान केंद्र चिह्नित किये गये है. जिसमें 122 दंडाधिकारी एवं 1384 मतदान कर्मियों के माध्यम से मतदान संपन्न कराया जायेगा.
शांतिपूर्वक व भयमुक्त संपन्न होगा चुनाव
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में गुरुवार की सुबह 7 बजे से कोचाधामन प्रखंड के 170079 मतदाता 346 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए डीएम पंकज दीक्षित एवं एसपी स्वयं नजर बनाये रखेंगे. इसके साथ ही जिला स्तर तथा प्रखंड स्तर पर बनाये गये नियंत्रण कक्ष से उच्चाधिकारी सीधे चुनावी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे. कहीं से गड़बड़ी की सूचना पर तत्काल एक्शन लिया जायेगा.
जिला पदाधिकारी ने अत्यधिक गरमी के साथ किसी प्रकार की घटना होने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के लिए सीएस को प्रखंड निर्देश दिया है. गुरूवार को प्रखंड के कुल 346 मतदान केंद्रों पर 913542 पुरुष, 78724 महिला तथा एक थर्ड जेंडर के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
पीएचसी को किया गया अलर्ट :
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर पीएचसी को जिला प्रशासन ने अलर्ट कर रखा है. इसके तभी सभी पीएचसी में विशेष व्यवस्था की गई है. ताकि आपातकालीन परिस्थिति से निबटा जा सके.
