बहादुरगंज : राज्य सरकार की सख्त शराब निषेध नीति के उल्लंघन मामले में बहादुरगंज पुलिस ने यहां पदस्थापित वन परिसर पदाधिकारी एके झा को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
घटना बीते रविवार देर रात्रि शमेशर चौक समीप घटित हुई. जहां हो हल्ला के बीच ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष सज्जाद हुसैन के नेतृत्व में गयी बहादुरगंज पुलिस ने उन्हें पुलिस हिरासत में ले लिया एवं जिला पुलिस प्रशासन के निर्देश के बीच उन्हें पीएचसी तक ले जाकर वहां डयूटी पर तैनात चिकित्सक द्वारा मेडिकल जांच करवाया गया.
इस दौरान बहादुरगंज के बीडीओ शशि भूषण सुमन व अंचलाधिकारी सहदुल हक भी मौके पर साथ थे. मिली सूचना के अनुसार बीते रविवार की रात्रि वन परिसर पदाधिकारी श्री झा विभागीय किसी कार्य को अंजाम देकर बहादुरगंज स्थित अपने आवास पर वापस लौट रहे थे.
इस बीच शमेशर चौक समीप अचानक ही किसी मुद्दे पर वहां मौजूद लोगों से उनकी कहासुनी शुरू हुई, जिसकी परिणति आखिरकार इस रूप में सामने आयी. मामले के बाबत पूछे जाने पर थानाध्यक्ष सज्जाद हुसैन ने इतना भर बताया कि केस संख्या 68/16 में 53बी बिहार एक्साइज(संशोधित) एक्ट 2016 के तहत गिरफ्तार वन पदाधिकारी एके झा के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी है. रही बात क्षेत्र में कहीं भी किसी तरह की सरकारी नीति के उल्लंघन की सरकारी दिशा निर्देश के आलोक में बहादुरगंज पुलिस ने लगातार छापेमारी अभियान चला रखी है, जिसका परिणाम भी काफी रूप में सामने आया है.
