नव पदस्थापित एसपी ने कहा कि घटना स्थल से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किशनगंज लूट कांड के आरोपियों की पहचान कर ली गयी है
किशनगंज : नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने जिले के 26वें पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण किया. उनके पदभार ग्रहण करते ही किशनगंज व ठाकुरगंज में घटित लगातार घटित छिनतई की घटना से पुलिस परेशान है. अज्ञात लूटेरों ने जहां सोमवार को एक सेवानिवृत्त शिक्षक से 6.50 लाख रुपये लूट लिये थे वहीं मंगलवार को ठाकुरगंज एसबीआइ शाखा के समीप 46 हजार लूट की घटना को अंजाम दिया.
इस संबंध में नव पदस्थापित एसपी श्री मिश्रा ने कहा कि घटना स्थल से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किशनगंज लूट कांड के आरोपियों की पहचान कर ली गयी है, बहुत जल्द पूरे मामले का उद्भेदन कर लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि अपराधियों की धर पकड़ के लिए जिले के पुलिस पदाधिकारी को कटिहार जिले के कोढ़ा की ओर रवाना कर दिया गया है.
जिले वासियों को पूर्ण सुरक्षा के साथ साथ जिले में अमन चैन की बहाली के लिए वे कटिबद्ध हैं. श्री मिश्रा ने कहा कि जिले में कानून का राज स्थापित करने के साथ साथ उनकी प्राथमिकता आगामी पंचायत चुनाव को शांतिपूर्वक व निष्पक्ष रूप से संपन्न करना है तथा जिले में पूर्ण शराबबंदी को अक्षरश: लागू कराना है.
