होमगार्ड की पत्नी ने दर्ज करायी प्राथमिकी
किशनगंज : स्थानीय पंजाब नेशनल बैंक में तैनात होम गार्ड के जवान हवलदार सिंह का शव गत मंगलवार को पड़ोसी देश नेपाल के मेची जिला अंतर्गत पड़ने वाले भद्रपुर में पाये जाने के बाद बुधवार को मृतका की पत्नी के लिखित शिकायत के आधार पर स्थानीय टाउन थाना में कांड संख्या 109/16 दर्ज कर ली गयी. अपने आवेदन में मृतका की पत्नी ने पश्चिम बंगाल के कठनिया चाकुलिया निवासी मजरुल हक को नामजद आरोपी बनाया है. जिसकी तलाश में पुलिस भादवि की धारा 302, 120बी, 34 के तहत जुट गयी है.
वहीं इस संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए मृतक के परिजनों ने बताया कि गत 28 मार्च को पंजाब नेशनल बैंक में हवलदार सिंह के ड्यूटी पर तैनात रहने के दौरान ही मजरुल हक की डब्लूबी60जी 2377 नंबर की बाइक चोरी हो गयी थी. हालांकि घटना के पश्चात मजरुल ने स्थानीय थाना में कांड संख्या 88/16 दर्ज किये जाने के बाद जब पुलिस ने घटना स्थल से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो बाइक चोर चोरी करने से पूर्व हवलदार सिंह के संग बातचीत करता पाया गया था. जिसे लेकर मजरुल हवलदार सिंह पर बाइक चोरी के संग संलिप्त रहने व बाइक बरामद करा देने का दबाव बनाने लगा था. परिजनों ने बताया कि मजरुल के हस कुकृत्य में स्थानीय पुलिस के द्वारा भी मजरुल का साथ दिये जोन से हवलदार सिंह काफी टूट चुका था और घटना के बाद 2-3 दिनों तक बैंक भी नहीं गया था. परिजनों ने बताया कि अपनी साफ सुथरी छवि पर धक्का लगता देख हवलदार सिंह काफी विचलित भी हो गया था. परंतु सोमवार को थाना जाने की बात कह कर घर से निकलने के बाद अंतत: उसकी मौत की खबर ही घर वापस पहुंची. वहीं इस संबंध में पूछे जाने पर टाउन थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार राय ने पुलिस द्वारा हवलदार सिंह को प्रताडि़त करने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है.
