किशनगंज : दो बजे दिन में स्कूल से छुट्टी होने के बाद बच्चे घर जाने के लिए बोलेरो में सवार हुए. स्कूल से दूर दराज बंगाल क्षेत्र के बच्चे होने के कारण स्कूल बस उस क्षेत्र में नहीं जाती थी. जिसके कारण किशनगंज शहर से सटे पश्चिम बंगाल के चाकुलिया क्षेत्र के परिजन अपने बच्चों को स्कूल लाने ले जाने के लिए उक्त बोलेरो किराये पर रखा था.
बोलेरो में कुल 14 बच्चे सवार थे. बहादुरगंज मोड़ से एनएच 31 पकड़ने के बाद बोलेरो रफ्तार पकड़ लिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रामपुर पेट्रोल पंप पार करते हुए बोलेरो चालक आगे जा रही ट्रक से ओवर टेक कर रहा था. तभी दालकोला की ओर से गलत लेन पर आ रही ट्रक उसके सामने आ गया और बोलेरो ट्रक की टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गये. घटना स्थल पर ही पांच बच्चे मौत हो गयी जबकि एक बच्चे ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज लाने के क्रम रास्ते में दम तोड़ दिया.
