-मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के इंग्लिश टोला बहियार में युवक की हुई हत्या -घटना स्थल से पुलिस ने खून से सनी लाठी किया बरामद -विधि विज्ञान प्रयोगशाला के विशेषज्ञ ने किया घटना स्थल की जांच खगड़िया. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कारू मंडल टोला गांव में युवक की लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी गयी. शनिवार की दोपहर युवक का लाश कारू मंडल टोला के इंग्लिश बहियार से बरामद किया गया. मथार पिकेट पर प्रतिनियुक्त हवलदार हरेंद्र यादव द्वारा इंग्लिश टोला में अज्ञात शव मिलने की सूचना थाना को दी गयी. कारू मंडल टोला में युवक का लाश मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी. घंटों बाद शव की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मथार दियारा निवासी छत्री यादव के करीब 40 वर्षीय पुत्र बुल्लक यादव के रूप में की गयी. मृतक के परिजनों को सूचना पुलिस व ग्रामीणों द्वारा दी गयी. स्थानीय लोगों ने आशंका व्यक्त करते हुए बताया कि मृतक बुल्लक यादव का भी आपराधिक इतिहास रहा है. लोगों ने कहा कि हो सकता है कि पुरानी रंजिश को लेकर बुल्लक की लाठी डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी हो. इधर, हवलदार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पोस्टमार्टम कराने पहुंचे पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक की मौत लाठी- डंडे से पीट-पीटकर हत्या किये जाने का प्रतीत होता है. उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है. एसपी राकेश कुमार ने बताया कि शव के अवलोकन से मारपीट कर हत्या किया जाना प्रतीत होता है. शव के समीप खून से सनी हुई एक लाठी बरामद की गयी है. घटना स्थल को सुरक्षित करते हुए वैज्ञानिक पद्धति से विधि विज्ञान प्रयोगशाला के विशेषज्ञ द्वारा घटना स्थल का जांच किया गया. डीएनए एक्सट्रैक्शन की कार्रवाई की गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
