खगड़िया. सदर प्रखंड की उत्तर माड़र पंचायत के मोरकाही गांव निवासी पीताम्बर कुमार ने बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) की परीक्षा प्रथम प्रयास में सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ईसीजी टेक्नीशियन पद पर चयन हासिल किया है. उनकी इस उपलब्धि से गांव, पंचायत और जिले में खुशी का माहौल है. परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं.
स्व-अध्ययन से हासिल की सफलता
मोरकाही गांव निवासी अर्जुन चौधरी के पुत्र पीताम्बर कुमार ने गांव में रहकर ही परीक्षा की तैयारी की. उन्होंने वर्ष 2025 से नियमित मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन किया. खास बात यह रही कि उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया, बल्कि स्व-अध्ययन के माध्यम से यह सफलता हासिल की. उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता प्राप्त की जा सकती है.
कॉलेज और परिवार को दिया सफलता का श्रेय
पीताम्बर कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय श्यामलाल चंद्रशेखर पारामेडिकल कॉलेज, खगड़िया को दिया, जहां से उन्होंने ईसीजी टेक्नीशियन का डिप्लोमा प्रशिक्षण प्राप्त किया. उन्होंने कहा कि माता-पिता, परिवार के सदस्यों, शिक्षकों और शुभचिंतकों के सहयोग व मार्गदर्शन ने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
सामाजिक कार्यकर्ता विकास मेहता ने पीताम्बर कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता उत्तर माड़र पंचायत ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल की जा सकती है. पीताम्बर की उपलब्धि निश्चित रूप से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी.
