खगड़िया : परबत्ता थाना क्षेत्र के चर्चित अजय यादव उर्फ अजय दास हत्याकांड के मुख्य आरोपितों में शामिल वेदानंद दास ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है. थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी. इसी दबाव के बीच उसने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया.
लाठी-डंडे से पीटकर की गई थी हत्या
थानाध्यक्ष ने बताया कि बीते जून माह में परबत्ता थाना क्षेत्र के लगार गांव जाने वाले रास्ते पर परबत्ता गांव से सटे बगीचे में परबत्ता नगर पंचायत निवासी स्व. बालेश्वर यादव के 45 वर्षीय पुत्र अजय यादव उर्फ अजय दास की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को बगीचे स्थित कुएं में फेंक दिया था.
अब तक सात आरोपित पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस के अनुसार घटना के दिन ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था. दो अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. पुलिस दबिश के बीच मुख्य आरोपी माने जा रहे वेदानंद दास ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.
एक आरोपी की तलाश जारी
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि इस मामले में कुल आठ लोगों को नामजद किया गया है. अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है. शेष एक नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है.
