गंगौर थाना क्षेत्र की रानीसकरपुरा पंचायत में मंगलवार की रात बजरंगबली स्थान के पास उस समय अफरातफरी मच गयी, जब चबूतरे पर बैठे एक व्यक्ति पर बदमाशों ने गोली चलाने का प्रयास किया. फायरिंग से पहले ही कारतूस नीचे गिर जाने से बड़ा हादसा टल गया और लालो महतो बाल-बाल बच गये. घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि चार अन्य बदमाश फोर व्हीलर से मौके से फरार हो गये.
घर से 100 मीटर दूर चबूतरे पर बैठे थे लालो महतो
जानकारी के अनुसार रानीसकरपुरा गांव निवासी लालो महतो मंगलवार की रात अपने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित बजरंगबली स्थान के पास चबूतरे पर बैठे थे. इसी दौरान इमली स्टेशन की ओर से कुछ बदमाश फोर व्हीलर से राटन की तरफ जा रहे थे. रास्ते में उनकी नजर बजरंगबली स्थान के पास बैठे लालो महतो पर पड़ी. आरोप है कि बदमाशों ने लालो महतो पर हथियार तानकर गोली चलाने का प्रयास किया.
कारतूस गिरने से बाल-बाल बचे लालो
गोली चलाने के दौरान कारतूस नीचे गिर गया. इससे फायरिंग नहीं हो सकी और लालो महतो बाल-बाल बच गये. गोली चलने की कोशिश के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी. ग्रामीणों ने तत्काल एक युवक को पकड़ लिया, जबकि चार अन्य लोग फोर व्हीलर से फरार हो गये. ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी.
112 की टीम ने पकड़े गये युवक को किया गिरफ्तार
सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गये युवक को गिरफ्तार कर लिया. बताया जाता है कि पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है. पुलिस पकड़े गये आरोपित से पूछताछ कर घटना के कारणों और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
रुपये के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला
स्थानीय स्तर पर घटना को रुपये के विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है. बताया जाता है कि रुपये के लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था और रुपये लेने के लिए ही बजरंगबली स्थान के पास पहुंचने की बात सामने आ रही है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारण और विवाद की पूरी स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
घटना के संबंध में स्थानीय स्तर पर नीरज कुमार पिता ढक्कन यादव, भूतू कुमार, राजीव, कुंदन कुमार पिता दिलीप शर्मा, मुरारी यादव और पांडव यादव के नाम सामने आये हैं. हालांकि, पुलिस की ओर से इन लोगों की घटना में संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है. पुलिस फरार लोगों की पहचान, उनकी भूमिका और संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है.
