बेटी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों पर शव छिपाने का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया केस

खगड़िया के बड़हरा गांव में एक युवती की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। परिजनों पर खुदकुशी के बाद शव छिपाने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोगरी (खगड़िया). गोगरी थाना क्षेत्र के बड़हरा गांव में एक युवती की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार युवती ने 14 जुलाई को घर के एक कमरे में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. आरोप है कि घटना के बाद परिजनों ने शव को छिपाने के उद्देश्य से पास के मछुआ धार में फेंक दिया और किसी को इसकी जानकारी नहीं दी. गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

गुप्त सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस

Khagaria Suicide Case: जानकारी के अनुसार बड़हरा निवासी मनेजर यादव की पुत्री पूजा कुमारी ने कथित रूप से अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिजनों ने शव को ठिकाने लगाने का प्रयास किया. कई दिनों तक मामला दबा रहा, लेकिन किसी स्थानीय व्यक्ति द्वारा पुलिस को गुप्त सूचना दिए जाने के बाद गोगरी थाना पुलिस गांव पहुंची और जांच शुरू की.

पूजा की जगह दूसरी लड़की को दिखाने का आरोप

थानाध्यक्ष अरबिंद कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान परिजनों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया. आरोप है कि पूजा कुमारी की जगह घर में मौजूद दूसरी युवती को पूजा बताकर पेश किया गया. बाद में स्कूल से लौटी अन्नू कुमारी से पूछताछ में परिवार की बेटियों के बारे में अलग जानकारी मिली, जिससे पुलिस को मामला संदिग्ध लगा.

बयानों में विरोधाभास के बाद दर्ज हुआ मामला

Khagaria Suicide Case: पुलिस ने परिवार के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की तो सभी के बयान एक-दूसरे से मेल नहीं खाए. इसके बाद पुलिस ने मछुआ धार में भी शव की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के लिखित आवेदन पर मनेजर यादव, सीता देवी, सिको यादव की पत्नी, नक्षत्र यादव, मणिकांत यादव, दिलो यादव, वरुण यादव सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी.

पुलिस ने गिरफ्तारी के दिए संकेत

थानाध्यक्ष अरबिंद कुमार ने बताया कि पुलिस को गुमराह करना और घटना की सही जानकारी छिपाना गंभीर अपराध है. पूरे मामले की वैज्ञानिक और कानूनी तरीके से जांच की जा रही है. नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा मामले का जल्द खुलासा किया जयेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >