Khagaria News: गंगा किनारे बसे खगड़िया और भागलपुर जिले की तस्वीर बदलने वाली एक महत्वाकांक्षी परियोजना पर सरकार की सक्रियता बढ़ती दिख रही है. भागलपुर के जाह्नवी चौक (जीरो माइल) से खगड़िया के अगुवानी घाट तक प्रस्तावित गंगा मरीन ड्राइव को लेकर मंगलवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री और परबत्ता विधायक के बीच महत्वपूर्ण चर्चा हुई.
इस बैठक को गंगा तटवर्ती क्षेत्रों के विकास की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है. परियोजना के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आवागमन की नई संभावनाएं खुल सकती हैं.
गंगा किनारे विकसित होगा आधुनिक कॉरिडोर
बैठक के दौरान पथ निर्माण मंत्री ने बताया कि फोरलेन सड़क जहां समाप्त होती है, वहां से नन्हकार तक गंगा किनारे पहले से बांध मौजूद है. इसके आगे अगुवानी गंगा घाट तक के मार्ग को सुदृढ़ और आधुनिक स्वरूप देकर मरीन ड्राइव अथवा गंगा ड्राइव के रूप में विकसित करने की योजना है.
उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं होगी, बल्कि बाढ़ और कटाव जैसी समस्याओं से सुरक्षा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. साथ ही लोगों को सुरक्षित और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी.
DPR तैयार, अब सरकार के फैसले का इंतजार
परबत्ता विधायक बाबूलाल सौर्य ने इस योजना को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा डीपीआर तैयार की जा चुकी है.
उन्होंने कहा कि यदि इस परियोजना को स्वीकृति मिलती है और निर्माण कार्य शुरू होता है, तो यह पूरे क्षेत्र के विकास का नया अध्याय लिखेगा. इससे गंगा किनारे बसे गांवों और कस्बों को सीधा लाभ मिलेगा.
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा नया आधार
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि गंगा मरीन ड्राइव बनने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा. गंगा के खूबसूरत दृश्य, आधुनिक सड़क नेटवर्क और बेहतर कनेक्टिविटी इसे बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल कर सकते हैं.
इसके साथ ही होटल, परिवहन, व्यापार और अन्य सेवा क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
गंगा तटवर्ती क्षेत्र के लिए नई उम्मीद
गंगा ड्राइव परियोजना को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है. लोगों को उम्मीद है कि सरकार की प्राथमिकता सूची में शामिल यह योजना जल्द ही जमीन पर उतरेगी और खगड़िया-भागलपुर के गंगा तटवर्ती इलाके को विकास की नई पहचान मिलेगी.
Also Read: लोकगायक, अभिनेता से नेता बनने तक, पवन सिंह का ‘पावर स्टार’ सफर
