Khagaria News: बिहार राज्य कार्यपालक सहायक सेवा संघ (बेएसा) जिला इकाई खगड़िया की महत्वपूर्ण बैठक चंद्र नगर रोड स्थित बिजली विभाग के सभागार में आयोजित की गई. बैठक के दौरान संगठन के नए जिलाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराई गई. चुनाव को लेकर कार्यपालक सहायकों में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा.
चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए मुकेश कुमार को चुनाव प्रभारी बनाया गया था. जिलाध्यक्ष पद के लिए कुल चार उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया, जिनमें अमरजीत कुमार भारती, संजय कुमार, जितेंद्र पासवान और अमित कुमार हिटलर शामिल थे.
चार उम्मीदवारों के बीच हुआ सीधा मुकाबला
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान कराया गया. मतदान संपन्न होने के बाद चुनाव प्रभारी की देखरेख में मतगणना की गई. परिणाम घोषित होते ही सभागार में मौजूद कार्यपालक सहायकों के बीच उत्साह का माहौल बन गया.
मतगणना में अमरजीत कुमार भारती को सर्वाधिक 45 मत प्राप्त हुए. उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय कुमार को 23 वोट मिले. वहीं जितेंद्र पासवान और अमित कुमार हिटलर को 12-12 मत प्राप्त हुए.
इस तरह अमरजीत कुमार भारती ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 22 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर जिलाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया.
पहले भी संभाल चुके हैं संगठन की कमान
अमरजीत कुमार भारती इससे पहले भी बेएसा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं. संगठन के भीतर उनकी सक्रिय भूमिका और अनुभव को देखते हुए कार्यपालक सहायकों ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है.
परिणाम घोषित होने के बाद उपस्थित कार्यपालक सहायकों ने नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष का स्वागत किया और उन्हें बधाई दी.
संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प
जीत के बाद अपने संबोधन में अमरजीत कुमार भारती ने कहा कि उनका पहला लक्ष्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना होगा. उन्होंने सभी कार्यपालक सहायकों से एकजुट होकर संघ के साथ चलने की अपील की.
उन्होंने कहा कि संघ का जो भी निर्णय होगा, उसे पूरी मजबूती के साथ धरातल पर उतारा जाएगा. साथ ही कार्यपालक सहायकों के अधिकार, सम्मान और हितों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के लिए चट्टानी एकता बनाए रखने का आह्वान किया.
बैठक में मुकेश कुमार, विनीत आनंद, स्नेह कुमार सिन्हा, मिथिलेश चौधरी, आलोक कुमार, राहुल रूपुल, मनीष कुमार, निखिल कुमार, सूरज कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यपालक सहायक उपस्थित रहे.
