परबत्ता. स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से गोगरी अनुमंडल के लोक शिकायत पदाधिकारी अंकित कुमार ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परबत्ता का निरीक्षण किया. इस दौरान पदाधिकारी ने दवा भंडारण कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, प्रसूति कक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण इकाइयों का जायजा लिया. उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, रख-रखाव की स्थिति, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और साफ-सफाई व्यवस्था की बारीकी से जांच की. निरीक्षण के दौरान कई बिंदुओं को उन्होंने गंभीरता से कलमबद्ध किया, जिससे स्पष्ट है कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. मौके पर मौजूद सीएचसी परबत्ता के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ कशिश से भी उन्होंने जानकारी ली. अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या, दवा वितरण प्रणाली, चिकित्सकों की उपस्थिति और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली को लेकर भी पूछताछ की गई. लोक शिकायत पदाधिकारी अंकित कुमार ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने निर्देश दिया कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए. साथ ही दवा भंडारण और वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया. चिकित्सा प्रभारी डॉ. कशिश ने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के अनुसार बेहतर सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि निरीक्षण में मिले सुझावों को शीघ्र अमल में लाया जाएगा और कमियों को दूर कर स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाया जायेगा.
लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने परबत्ता अस्पताल का किया निरीक्षण
लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने परबत्ता अस्पताल का किया निरीक्षण
