शिविर में 466 पशुओं की हुई स्वास्थ्य जांच

टीकाकरण एवं कृमिनाशक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया

बेलदौर. प्रखंड क्षेत्र के पिरनगरा में बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन समिति (जीविका), ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार की ओर से एक दिवसीय पशु स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया. वही पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ते हुए उनके पशुधन की उत्पादकता और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया गया. उक्त शिविर का उद्घाटन बीपीएम मुकेश कुमार पासवान, पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इब्राहिम कुमार, डॉ. चंदन कुमार, लाइवस्टॉक मैनेजर गिरधारीलाल कुमार, एवं बगीचा सीएलएफ की अध्यक्ष सीता देवी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया. शिविर में कुल 136 पशुपालक परिवारों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और लगभग 466 पशुओं की जांच की गई. बीमार पशुओं का उपचार, टीकाकरण एवं कृमिनाशक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया. शिविर स्थल पर मोबाइल पशु चिकित्सा वैन एवं पारावेट टीम की भी व्यवस्था थी ताकि किसी भी गंभीर पशु रोग का तुरंत निदान किया जा सके. साथ ही, पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, संतुलित आहार और स्वच्छता के विषय में जागरूक किया गया, जिससे वे अपने पशुधन को स्वस्थ रख सकें और आय में वृद्धि कर सकें. इस कार्यक्रम में जीविका की सीसी रिंकू, वीणा, जीविकोपार्जन नोडल धर्मेंद्र राम, बीके सुनील कुमार, रणवीर कुमार, वीआरपी दयाशंकर, अमरेंद्र गौतम, सिकंदर, प्रभात रंजन सहित कई कर्मियों एवं दीदियों की सराहनीय उपस्थिति रही. जबकि डीपीसीयू खगड़िया के युवा पेशेवर (पशुधन) गिरधारीलाल कुमार ने बताया कि इस प्रकार के शिविर पशुपालकों को तकनीकी सहयोग और जागरूकता दोनों प्रदान करते हैं, जिससे उनके पशुधन की उत्पादकता और जीविका में सतत वृद्धि संभव है. शिविर के सफल आयोजन में सभी विभागीय कर्मी एवं जीविका टीम के सहयोग से ग्रामीण समुदाय में पशु स्वास्थ्य के प्रति नई चेतना का संचार हुआ.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >