गोगरी, खगड़िया से रणवीर झा की रिपोर्ट: पसराहा थाना क्षेत्र के बंदेहरा-भरतखंड मुख्य मार्ग पर झंझरा पेट्रोल पंप के पास बीते 30 अप्रैल को हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 17 वर्षीय युवक मंचल कुमार की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की पहचान झंझरा (वार्ड संख्या 18) निवासी ओपी मुनि के पुत्र के रूप में हुई है. युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पेट्रोल भरवाने जाने के दौरान हुआ था हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक मंचल कुमार 30 अप्रैल को अपनी बाइक से झंझरा स्थित पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने जा रहा था. इसी दौरान उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि मंचल के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा. घटना की सूचना मिलते ही पसराहा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया.
बेगूसराय में चल रहा था इलाज
मंचल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया था. वहां भी स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उसे बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. पिछले 10 दिनों से वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा था, लेकिन शुक्रवार को अस्पताल में उसने अंतिम सांस ली. परिजनों ने बताया कि मंचल अभी काफी छोटा था और इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है. पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. झंझरा गांव के लोग इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं.
