तैयारी . कार्यक्रम की सफलता के लिए बनी संचालन समिति
प्रखंड मुख्यालय स्थित स्वयं सहायता समूह भवन में शनिवार को बिहार सरकार के द्वारा मद्य निषेध के प्रति जागरूकता के लिये 21 जनवरी को मानव श्रृंखला के निर्माण के संबंध में निर्णय के लिये एक बैठक आयोजित की गयी.
परबत्ता : प्रखंड मुख्यालय स्थित स्वयं सहायता समूह भवन में शनिवार को बिहार सरकार के द्वारा मद्य निषेध के प्रति जागरूकता के लिये 21 जनवरी को मानव श्रृंखला के निर्माण के संबंध में निर्णय के लिये एक बैठक आयोजित की गयी. बैठक में जानकारी दी गयी कि इस कार्य के सफल संचालन के लिये प्रखंड स्तरीय संचालन समिति का गठन किया गया है. इस समिति में प्रखंड विकास पदाधिकारी को अध्यक्ष तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को सदस्य सचिव बनाया गया है.
इसके अलावा प्रखंड के सभी थानाध्यक्ष, पंचायत राज पर्यवेक्षक, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड साक्षरता समन्वयक, जीविका प्रबंधक, सीडीपीओ, केआरपी, टोला सेवक, तालीमी मरकज, मुख्यालय के उच्च विद्यालय के प्रधान, मध्य विद्यालय के प्रधान, जीविका मोबलाईजर तथा विकास मित्र को सचिव बनाया गया है.
मौके पर निर्णय लिया गया कि 21 जनवरी को प्रखंड में 14 किलोमीटर मानव श्रृंखला के निर्माण के लिए सभी विभागों के कर्मी अपना योगदान देंगे. इसके लिए प्रत्येक शनिवार को बैठक होगी. इसके अलावा 29 दिसंबर को सभी प्राथमिक,मध्य, उच्च, उच्चतर माध्यमिक तथा निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक मध्य विद्यालय कन्हैयाचक दक्षिण में आयोजित की जायेगी. इसमें योगदान के लिये सभी स्तर के जनप्रतिनिधियों तथा आम लोगों से सहभागिता की अपील की गयी है. सभी विभागों के प्रधान अपने अपने विभाग के कर्मियों के साथ बैठक करेंगे. बैठक में बीडीओ, बीईओ इंन्द्रकांत सिंह, सीडीपीओ रंजू देवी, मध्य विद्यालय परबत्ता के प्रधानाध्यापक हीरालाल मंडल, मड़ैया थानाध्यक्ष रंजीत रजक, साक्षरता समन्वयक मनोज कुमार राय, केआरपी प्रेमलता कुमारी, बीआरपी रवि कुमार सिंह, जीपीएस इन्द्रदेव सिंह, सभी टोला सेवक, तालिमी मरकज, विकास मित्र आदि मौजूद थे.
