जुगवा मंडल व दुलो मंडल गैंग के बीच हुई गोलीबारी
बरियारपुर प्लेटफाॅर्म व स्टैंड के पास मची अफरा-तफरी
बरियारपुर : बरियारपुर रेलवे स्टेशन फाटक के पास मंगलवार को गैंगवार में गोलीबारी हुई. घटना में दो राहगीर महिला गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गयीं. दोनों को इलाज के लिए मुंगेर
बरियारपुर स्टेशन पर…
सदर अस्पताल लाया गया है. जहां से एक महिला को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया. घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा बरामद किया है.
जेल में बंद अपराधी जुगवा मंडल व उसके विरोधी दुलो मंडल के बीच चली आ रही दुश्मनी एक बार फिर सड़क पर उतर आयी. जुगवा मंडल की मां के साथ उसका चचेरा भाई बरैल बासा निवासी अजय मंडल बाजार से वापस घर लौट रहा था. बरियारपुर प्लेटफॉर्म संख्या दो पर जुगवा का विरोधी दुलो मंडल का चचेरा भाई धीरज कुमार का अजय से विवाद हो गया. दोनों में मारपीट भी हुई. अजय जब प्लेटफाॅर्म से निकल कर फाटक के पास पहुंचा तो विरोधी पक्षों द्वारा उस पर गोलीबारी की गयी.
इसमें अजय तो बाल-बाल बच गया, लेकिन बरियारपुर थाना क्षेत्र के सोतीपुल पड़िया निवासी कुमुद यादव की पत्नी नीलू देवी को कमर में व खड़गपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ा लक्ष्मीपुर निवासी उमेश पंडित की पत्नी किरण देवी के दाहिने हाथ में गोली लग गयी. दोनों वहीं गिर पड़ीं. किरण ट्रेन पकड़ने के लिए बरियारपुर स्टेशन आयी थी. जबकि नीलू बंधन बैंक काम से जा रही थी. गोलीबारी के बाद बरियारपुर प्लेटफार्म एवं स्टैंड के समीप अफरा-तफरी मच गयी.
गोलीबारी बंद होने के बाद दोनों को इलाज के लिए पीएचसी बरियारपुर ले जाया गया. जहां से नीलू देवी को मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया गया. लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने उसे भागलपुर रेफर कर दिया. घटना की सूचना पर एसडीपीओ ललित मोहन शर्मा, बरियारपुर थानाध्यक्ष अभिनव दूबे दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. जहां से नाइन एमएम का दो खोखा बरामद किया. रेल थाना जमालपुर के अध्यक्ष कृपा सागर ने बताया कि पुलिस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन कर रही है. गोली चलाने वाले अपराधियों की शिनाख्त भी कर ली गयी है.
दो महिला राहगीर घायल
जांच करने पहुंची पुलिस.
