खगड़िया : सहरसा से जमालपुर जाने वाले यात्री ठगा महसूस कर रहे हैं. मालूम हो कि रेल यात्रियों से जमालपुर से खगड़िया तक का किराया 50 रुपये लिया जाता है जबकि खगड़िया से इसी ट्रेन का किराया जमालपुर तक का 35 रुपये लिया जाता है. एक ही ट्रेन के किराये में अंतर के कारण रेल यात्रियों को परेशानी महसूस हो रहा है.
पूर्वोत्तर बिहार रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति के केंद्रीय संयोजक सुभाषचंद्र जोशी ने रेलमंत्री को पत्र लिख कर 05521 जमालपुर से सहरसा जाने वाली ट्रेन को एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में चलाये जाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि इस ट्रेन को छठ पूजा के समय पूजा स्पेशल के रूप में चलाया गया था. जिसके बाद इस ट्रेन की मांग को देखते हुए समय सीमा बढ़ा कर 31 मार्च कर दिया गया है. श्री जोशी ने कहा कि इस ट्रेन को खगड़िया होते हुए जमालपुर से सहरसा तक एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाना चाहिए. जबकि इसी ट्रेन को जमालपुर से गया के बीच पैसेंजर के रूप में चलाया जाता है.
इस तरह इस ट्रेन का किराया पैसेंजर का लिया जाना चाहिए था. इस कृत्य से इस ट्रेन से सफर करने वाले यात्री ठगा सा महसूस कर रहे हैं. श्री जोशी ने रेल प्रबंधकों द्वारा ऐसे कृत्य की निंदा की है. उन्होंने कहा कि पिछड़े इलाके के साथ पैसेंजर का किराया नहीं लेकर एक्सप्रेस का किराया वसूलना यात्रियों के साथ अन्याय है. उन्होंने रेल प्रबंधक से सहरसा से जमालपुर, सहरसा से भागलपुर, सहरसा से जसीडीह तथा जोगबनी से से जमालपुर के बीच शीघ्र ही नयी ट्रेन चलाने की मांग की है.
