अमनी पंचायत को 10 दिसंबर तक शौच मुक्त करने का है लक्ष्य.
खगड़िया : स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण) अंतर्गत जिला जल स्वच्छता समिति की बैठक जिलाधिकारी जय सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में जिला को शौच मुक्त घोषित करने के मद्येनजर जिलाधिकारी द्वारा कई निर्देश दिये गये.
उन्होंने कहा कि स्वच्छता एवं शौच मुक्त जिला घोषित करने की दिशा में और गति से कार्य करने की जरूरत है. उन्होंने मानसी प्रखंड में विशेष कर अत्यधिक ध्यान देने का आदेश दिया. मालूम हो कि मानसी प्रखंड के अमनी पंचायत को 10 दिसंबर तक शौच मुक्त करने का लक्ष्य है. वहीं मानसी प्रखंड को इस माह के अंत तक खुले में शौच मुक्त करने का लक्ष्य है. जबकि सैदपुर पंचायत के कुल 07 वार्ड एवं ठाठा पंचायत के 02 वार्ड शौच मुक्त घोषित हो चुका है. प्रभारी जिला समन्वय शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि मानसी प्रखंड को शौच मुक्त करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है.
बैठक में निर्णय लिया गया कि लोगों को स्वच्छता को लेकर जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है. उक्त विषय पर होर्डिंग/फ्लैक्स लगाने का कार्य जनसंपर्क विभाग के जिम्मे सौंपा गया है. जबकि डीआरडीए निदेशक मुकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि दीवार लेखन के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार किया जायेगा. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी शिव कुमार शैव, डीआरडीए निदेशक मुकेश कुमार सिन्हा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी, डीपीओ साक्षरता के साथ-साथ जिलास्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे.
