खगड़िया : लाम पत्र वादों से संबंधित बैठक का आयोजन जिलाधिकारी कक्ष में हुआ. जिसमें डीएम जय सिंह ने कहा कि सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी सप्ताह में एक दिन गुरुवार को 11 बजे से तीन बजे तक अपने-अपने न्यायालय में सिर्फ नीलाम पत्र से संबंधित वादों का निष्पादन करेंगे. बैठक में गोपनीय पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि गुरुवार के दिन उक्त अवधि में वैसे अधिकारी जो नीलाम पत्र पदाधिकारी भी हैं उनसे संबंधित कोई मीटिंग नहीं रखेंगे. गुरुवार को जिला,
अनुमंडल एवं अंचल स्तर पर एक ही समय में संबंधित वादों का निष्पादन निर्धारित किया गया है. जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी इस बाबत एलडीएम को पत्र निर्गत करें. जो अपने स्तर से सभी बैंक प्रबंधक को इसकी सूचना देंगे. गुरुवार के दिन बैंक के प्रतिनिधि को सुनवाई के दौरान मौजूद रहना होगा.
बैंक प्रतिनिधि इस दिन रजिस्टर 09 एवं 10 का मिलान करेंगे. धारा 07 के नोटिस की तामिला के संबंध में सभी अंचलाधिकारी को प्रत्येक शुक्रवार को अपने चौकीदार को जिला मुख्यालय भेजने का निर्देश दिया गया. जो नीलाम पत्र पदाधिकारियों द्वारा निर्गत धारा 07 का नोटिस प्राप्त कर उसका तामिला करायेंगे.
