मनमानी. कई कार्यपालक सहायकों ने डीएम से लगायी न्याय की गुहार
आरटीपीएस में नियोजित दो दर्जन से अधिक कार्यपालक सहायक व आइटी सहायक के स्थानांतरण पर सवाल उठने लगे हैं. कई कार्यपालक सहायकों ने डीएम को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है.
खगड़िया : आरटीपीएस में नियोजित दो दर्जन से अधिक कार्यपालक सहायक व आइटी सहायक के स्थानांतरण पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. इन कर्मियों का स्थानांतरण डेढ़ वर्ष पूर्व एकरारनामा के विरुद्ध किया गया था. कई कार्यपालक सहायकों ने डीएम जय सिंह को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. फिलहाल इस स्थानांतरण से जहां कई कर्मियों को लाभ मिला है, वहीं कई कर्मियों को दूर के कार्यालय में नियोजित होने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जबकि दर्जनों ऐसे कर्मी हैं, जो पांच वर्ष से एक ही कार्यालय में जमे हुए हैं.
क्या है मामला : बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन के पत्रांक 1010 दिनांक 30 अक्तूबर 2012 के आलोक में उक्त कर्मियों का स्थानांतरण किया गया. जबकि, सेवा शर्त में कहा गया है कि नियोजित व्यक्ति की सेवा समान्तया स्थानांतरित नहीं की जायेगी. इसके अलावा बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन पटना के पत्रांक 141/ डीएससी दिनांक 31 जुलाई 2015 के आलोक में स्थापना उप समाहर्त्ता ने बीडीओ, सीओ सहित कई अधिकारियों को एक विभागीय पत्र प्रेषित कर नियोजित आइटी सहायकों व कार्यपालक सहायकों से एकरारनामा कराने को कहा है. जिसमें यह भी कहा गया है कि नियोजित व्यक्ति की सेवा समान्तया स्थानांतरण नहीं होगी.
कई जिलों में नहीं हुआ तबादला
सेवा शर्त के मद्देनजर आज तक पटना समेत कई जिलों में नियोजित कार्यपालक सहायक, आइटी सहायक व आईटी मैनेजर का स्थानांतरण नहीं हुआ है. यह भी बात सामने आयी है कि इस जिले में खराब रैंकिंग व गृह प्रखंड को आधार बनाकर उक्त कर्मियों का स्थानांतरण किया गया. जबकि इसके आधार पर स्थानांतरण का कोई आदेश है ही नहीं. दूसरी ओर दर्जनों कार्यपालक सहायक ऐसे हैं, जिनका गृह प्रखंड खगड़िया है और नियोजन की तिथि से आज तक वैसे कर्मियों का स्थानांतरण नहीं किया गया.
मामला दो दर्जन से अधिक कार्यपालक सहायक व आइटी सहायक के स्थानांतरण का
एकरारनामा के विरुद्ध स्थानांतरण होने से कर्मियों में असंतोष
इन कर्मियों का नहीं हुआ स्थानांतरण
दर्जनों कार्यपालक सहायक ऐसे हैं, जिनका गृह प्रखंड खगड़िया है और वे रजिस्ट्री आॅफिस, आरटीपीएस कोषांग, अनुमंडल कार्यालय, जिला कल्याण विभाग, वरीय उप समाहर्त्ता के कार्यालय में बीते पांच वर्ष से नियोजित हैं. फिर भी उक्त कर्मियों का स्थानांतरण आज तक नहीं हुआ. सिर्फ प्रखंड सह अंचल कार्यालय में नियोजित कार्यपालक सहायक व आइटी सहायक का ही स्थानांतरण हुआ है. जिससे ऐसे कर्मियों में असंतोष व्याप्त है.
स्थानांतरण कर्मियों की मांग
कई स्थानांतरित कर्मियों की मांग है कि पटना समेत कई अन्य जिलों में कार्यपालक सहायक, आइटी सहायक का नहीं हुआ है. कम मानदेय मिलने के कारण कई जिलों में उक्त कर्मियों का पदस्थापन गृह प्रखंडों में किया गया हैं. सेवा शर्त के अनुसार ही हमलोगों का स्थानांतरण होना चाहिए.
कहते हैं डीएम
डीएम जय सिंह ने बताया कि यदि नियम के विरुद्ध स्थानांतरण किया गया है तो मामले की जांच की जायेगी. किस परिस्थिति में कार्यपालक सहायक का स्थानांतरण किया गया.
