खगड़िया : भारतीय हाकी संघ द्वारा महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित 9वां सीनियर महिला/पुरुष हाॅकी चैंपियनशिप में बिहार की टीम में खगड़िया की बेटी खुशबू ने अपना लोहा मनवाया है. इस प्रतियोगिता में बिहार की महिला टीम फाइनल में प्रवेश कर चुकी है. खगड़िया से गोलकीपर के रूप में स्थानीय मथुरापुर पंचायत के भगतटोला निवासी अधिवक्ता अरुण कुमार मालाकर की बेटी खुशबू कुमारी की हॉकी के प्रति जुनून देख सब अचंभित हैं. अभी तक बिहार टीम कुल सात मैच अब तक खेली है. जिसमें जीत दिलाने में खुशबू गोलकीपर की अहम भूमिका रही है.
बिहार हॉकी टीम के फाइनल में पहुंचने के पीछे खुशबू की भूमिका अहम है. वहीं, कोसी कॉलेज के छात्र संजय यादव का चयन भी बिहार टीम में किया गया है, जिनकी टीम पुरुष हांकी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंची है. बालक हॉकी टीम में उत्क्रमित उच्च विद्यालय नन्कू मंडल टोला के छात्र अली खान का भी चयन पुरुष हाॅकी टीम के गोलकीपर पद पर ही हुआ है. खगड़िया हाॅकी संघ से बिहार हाकी टीम में चयन एवं उन्हें नासिक में मिल रही सफलता से हॉकी प्रेमियों में हर्ष व्याप्त है. इनकी सफलता पर हाॅकी संघ के संरक्षक मनीष कुमार, नागेंद्र सिंह त्यागी, शिवराज यादव, अध्यक्ष राजकुमार फोगला, उपाध्यक्ष हेमा भारती, नवीन गोयनका इन खिलाड़ियों का जमकर सराहना की है.
इधर, कोसी कॉलेज के प्राचार्य डा रामपूजन सिंह, डा प्रेम कुमार, डा जैनेंद्र नाहर, जिला कबड्डी संघ के सचिव मनीष कुमार सिंह, जिला शतरंज संघ के सचिव विप्लव रणधीर, मानसी फुटबाॅल के कोच शंकर सिंह, कराटा प्रशिक्षक भानू कुमार, मनोज कुमार सेन्सई, प्रीमियर लीग के संचालक विक्रम सिंह, रणधीर कुमार सिंह, तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय नन्कू मंडल टोला के दिवाकर पंडित, शारीरिक शिक्षक शशिकांत रंजन, विनोद झा, धीरेंद्र पासवान, परमानंद कुमार, राकेश कुमार आदि ने खिलाड़ियों की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर की है.
