खगड़िया : मेडिकल के क्षेत्र में कैरियर बनाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है. स्वास्थ्य की डिग्री के लिए अब उन्हें दूसरे शहर का पलायन नहीं करना पड़ेगा. सब कुछ ठीक ठाक रहा तो अगले पांच वर्षों में खगड़िया जिले में ट्रेनिंग स्कूल बन कर तैयार हो जायेगा, जहां महिला एवं पुरुष नर्स की ट्रेनिंग/डिग्री प्राप्त कर अपना भविष्य बना सकते हैं. विकसित बिहार के सात निश्चय के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा राज्य के सभी जिलों में चिकित्सा शिक्षण संस्थान खोले जाने का निर्णय लिया गया है. खगड़िया जिले में भी इस योजना के तहत चिकित्सा शिक्षण संस्थान खोले जायेंगे.
विभागीय जानकारी के मुताबिक जिला स्तर पर जेएनएम स्कूल पारा मेडिकल संस्थान तथा अनुमंडल स्तर पर एएनएम स्कूल खोलने की योजना है. इस जिले में उक्त दोनों मेडिकल शिक्षण संस्थान खोले जाने की बातें कही गयी हैं. जिला स्तर पर जहां जेएनएम स्कूल खोले जायेंगे, वहीं गोगरी अनुमंडल में एएनएम विद्यालय खुलेंगे.
इसको लेकर राज्य स्तर से स्वास्थ्य विभाग के द्वारा सिविल सर्जन को निर्देश दिये गये हैं. इधर सिविल सर्जन ने इन दोनों जगहों पर उक्त शिक्षण संस्थान के निर्माण के लिए जमीन की खोज करने के लिए सदर व गोगरी सीओ को पत्र लिखा है.
