मिनी गन फैक्टरी का भंडाफोड़
मानसी थाना पुलिस ने मिनी गन फैक्टरी का उद्भेदन करने में सफलता हासिल की है. दूसरी कामयाबी मुफस्सिल थाना पुलिस को हाथ लगी, जिसमें फरार आरोपी पांच पिस्टल के साथ पकड़ा गया.
खगड़िया : मानसी थाना पुलिस ने मिनी गन फैक्टरी का उद्भेदन करने में सफलता हासिल की है. दूसरी कामयाबी मुफस्सिल थाना पुलिस को हाथ लगी. इसमें पांच पिस्टल व 10 मैगजीन के साथ आर्म्स एक्ट के फरार आरोपी मथार दियारा निवासी ललन यादव को दबोच लिया गया.
शनिवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता में एसपी अनिल कुमार सिंह ने पूरे ऑपरेशन में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने का एलान करते हुए कहा कि आगे भी पुलिस का ऑपरेशन क्लीन जारी रहेगा.
गंगा दियारा में हथियार की फैक्टरी
एसपी श्री सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मानसी थाना पुलिस ने धनछर दियारा में छापेमारी कर मिनी गन फैक्टरी का उद्भेदन किया है. यह सफलता पुलिस को मानसी थाना क्षेत्र के धनछर गांव में हाइस्कूल के दक्षिण कोसी नदी के किनारे मुंगेर पुलिस के सहयोग से चलाये गये ऑपरेशन में हाथ लगी है. इसमें पुलिस ने एक जोड़ा निर्मित देसी पिस्तौल, 9 लोहे का अर्धनिर्मित बैरल आदि बरामद किया है. एसपी ने बताया कि अंचल दियारा में वर्षों से अपराधियों द्वारा कट्टा बनाया जा रहा था.
