पंचायत चुनाव. 11 मार्च तक भरा जायेगा नामांकन का परचा, स्क्रूटनी 18 को, तैयारी पूरी
खगड़िया प्रखंड में 5 से 11 मार्च तक नामांकन का परचा दाखिल किया जायेगा. मुखिया, सरपंच, पंसस, वार्ड सदस्य तथा पंच पद के प्रत्याशी जहां प्रखंड कार्यालय में नामांकन का परचा दाखिल करेंगे, वहीं जिला परिषद के प्रत्याशी अनुमंडल कार्यालय में नामांकन का परचा दाखिल करेंगे.
खगड़िया : दूसरे चरण में खगड़िया प्रखंड में पंचायत चुनाव होंगे. दूसरे चरण के पंचायत चुनाव के नामांकन को लेकर शुक्रवार को प्रपत्र 5 में सूचना का प्रकाशन कर दिया गया है. इसकी एक प्रति प्रखंड कार्यालय में तथा दूसरी प्रति अुनमंडल कार्यालय में चिपका दिया गया गया है.
खगड़िया प्रखंड में 5 से 11 मार्च तक नामांकन का परचा दाखिल किया जायेगा. मुखिया, सरपंच, पंसस, वार्ड सदस्य तथा पंच पद के प्रत्याशी जहां प्रखंड कार्यालय में नामांकन का परचा दाखिल करेंगे, वहीं जिला परिषद के प्रत्याशी अनुमंडल कार्यालय में नामांकन का परचा दाखिल करेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 14 मार्च को होगी तथा 16 मार्च तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे. 16 मार्च को ही यहां के चुनाव प्रत्याशी को चुनाव चिन्ह आवंटित किये जायेंगे. जबकि मतदान 28 अप्रैल को तथा मतगणना 17 मई को होगी.
तैयारी पूरी : नामांकन को लेकर खगड़िया प्रखंड कार्यालय में तैयारी पूरी कर ली गयी है. प्रत्याशियों के नामांकन शुल्क कटाने के लिए प्रखंड कार्यालय में तीन काउंटर बनाये गये हैं. शुक्रवार को इन सभी काउंटर पर एनआर कटाने वालों की लंबी कतार देखी गयी. विभिन्न पदों पर चुनाव लड़ने वाले दर्जनों प्रत्याशियों ने एनआर कटवाया. वहीं नामांकन के परचे दाखिल करने के लिए पांच काउंटर बनाये गये हैं. मुखिया, सरपंच,पंसस,वार्ड सदस्य तथा पंच पद के लिए अलग अलग काउंटर बनाये गये हैं.
मुखिया पद से चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशी बीडीओ के समक्ष उनके कार्यालय में नामांकन परचे जमा करेंगे. वहीं सरपंच पद के उम्मीदवार प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी के पास, पंसस के उम्मीदवार प्रखंड कृषि पदाधिकारी के पास तथा ग्राम पंचायत सदस्य के उम्मीदवार प्रखंड कल्याण पदाधिकारी एवं पंच पद के उम्मीदवार प्रखंड आपूर्ति के पास नामांकन के परचे जमा करेंगे. बीडीओ रवि रंजन ने बताया कि नामांकन के परचे सुबह 11 बजे से 4 बजे तक भरें जायेंगे. नामांकन के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए वेरिकेटिंग की व्यवस्था के साथ साथ एक प्रवेश द्वार को बंद कर दिया गया है तथा प्रखंड परिसर के दूसरे प्रवेश द्वार पर दंडाधिकारी एवं पुलिस की तैनाती की गयी है.
नामांकन अवधी के दौरान प्रखंड परिसर में वाहनों के प्रवेश पर पूर्णत: रोक लगायी गयी है. बीडीओ ने कहा कि नामांकन के दौरान प्रत्याशी के समर्थकों के परिसर में प्रवेश पर रोक लगी रहेगी. नामांकन करने वाले प्रत्याशी के साथ साथ उनके एक मात्र प्रस्तावक को ही प्रखंड परिसर में प्रवेश करने दिया जायेगा. प्रत्याशी पैदल ही परिसर में प्रवेश करेंगे. उनके वाहन को बाहर ही रोक दिया जायेगा.
