नाव के ऊपरी सतह पर बांस बल्ले की छावनी को मुस्तैदी से जांच परख लिया गया
एप्रोच पथ पर नयी मिट्टी भराई के कारण सतह थोड़ी दलदली है, पर दो दिनों में इसे भी पूरी तरह दुरुस्त कर िलया जायेगा
बेलदौर : कोसी की लाइफलाइन क्षतिग्रस्त डुमरी पुल समीप नदी पार करने के लिए बने नाव पुल पर शुक्रवार से पैदल व दोपहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो जायेगा. इसको लेकर नाव पुल बनाने में जुटे मजदूर व नाविक युद्ध स्तर पर काम पूरा करने में अपनी पूरी शक्ति लगा दी है. नाव पुल संचालक बजरंगी सहनी ने बताया कि गुरुवार की देर शाम तक पुल में उपयोग के लिये लगाये गये सभी नाव के ऊपरी सतह पर बांस बल्ले की छावनी को मुस्तैदी से जांच परख लिया गया है.
नाव पुल के दोनों छोर के एप्रोच पथ पर मिट्टी भराई कर दुरुस्त कर दिया गया है. सुरक्षित आवागमन के लिए जुगाड़ पुल पूरी तरह तैयार है, लेकिन एप्रोच पथ पर नयी मिट्टी भराई के कारण सतह थोड़ी दलदली है. पर, दो दिनों में इसे भी पूरी तरह दुरुस्त कर चार पहिया, छह पहिया लोडेड वाहन का भी आवागमन शुरू करवा दिया जायेगा. फिलहाल पैदल व बाइक चालकों की परेशानी को देखते हुए जुगाड़ पुल पर इनका आवागमन शुक्रवार से चालू कर दिया जायेगा.
विदित हो कि वैकल्पिक स्टील ब्रीज के मरम्मत पर ग्रहण लग जाने से डुमरी पुल मरम्मत कार्य पूरा होने तक बाढ़ के दौरान नौका परिचालन एवं सुखाड़ में जुगाड़ पुल ही कोसी नदी पार करने का अंतिम आसरा बच गया है. इसके कारण जुगाड़ पुल पर आवागमन शुरू होने से आवागमन का विकट संकट झेल रहे लोगों को काफी राहत मिलेगी.
