प्राथमिक विद्यालय सिराजपुर बालक का डीएम ने किया निरीक्षण
परबत्ता : प्रखंड में बुधवार को जिला पदाधिकारी साकेत कुमार ने तेमथा करारी पंचायत के प्राथमिक विद्यालय सिराजपुर बालक का दौरा किया. इस दौरान डीएम बच्चों के बीच पहुंचे और कहा कि उन्हें भी उनसे कुछ सीखना है. इसलिए उन्हें जो आज पढ़ाया गया है, उसे ब्लैकबोर्ड पर लिखकर दिखायें.
कक्षा पांच की आयुषी कुमारी ने लिखकर दिखाया. इसके अलावा डीएम ने बच्चों के स्कूल ड्रेस में नहीं रहने की बाबत जानकारी ली. डीएम जब अपने दल बल के साथ विद्यालय पहुंचे, तो प्रधान कुमार विरेंद्र स्कूल से अनुपस्थित थे. स्कूल के छात्र ने हेड मास्टर साहब को घर से बुलाया. डीएम ने सबसे पहले शिक्षक उपस्थिति पंजी की जांच की. विद्यालय में एकमात्र शिक्षिका मौजूद थीं. शेष बचे एक शिक्षक शंकर दास के बारे में एचएम ने बताया कि वे बालपंजी के संधारण में गये हुए हैं.
डीएम ने विद्यालय कार्य अवधि में गैर शैक्षणिक कार्य के लिए स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया. मौके पर सभी बच्चों से डीएम ने परिचय लिया. इस क्रम में पता चला कि कक्षा एक से पांच तक के छात्र-छात्राएं एक ही कमरे में पढ़ते हैं. डीएम ने बच्चों को श्यामपट् पर लिखकर दिखाने को कहा. बच्चों ने लिखकर बताया और डीएम ने सभी बच्चों के बीच चॉकलेट का वितरण कराया. डीएम ने बच्चों की कम उपस्थिति पर नाराजगी प्रकट की. बुधवार को 25 बच्चे उपस्थित थे,
जबकि मंगलवार को एमडीएम रिपोर्ट में 60 बच्चों की उपस्थिति दिखायी गयी थी. इस अंतर पर डीएम ने एचएम से जानकारी मांगी. मौके पर वे किचेन शेड में जाकर एमडीएम की गुणवत्ता की जांच किये तथा एचएम से खाद्य तेल के विषय में पूछा. एचएम ने बताया कि तेल खरीदकर वह अपने घर पर रखते हैं तथा प्रतिदिन घर से तेल लेकर आते हैं.
