खगड़िया : बलुआही स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में दो दिवसीय कैंसर जांच शिविर का आयोजन सोमवार को मारवाड़ी युवा मंच व मिड टाउन शाखा के द्वारा लगाया गया. कैंसर जांच शिविर का उद्घाटन एसडीओ शिव कुमार शैव, भूमि सुधार उपसमाहर्ता ओम प्रकाश महतो, नप सभापति मनोहर कुमार यादव, प्रांतीय उपाध्यक्ष संगीता बाजेसरिया, मारवाड़ी युवा मंच अध्यक्ष दीपक बजाज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एसडीओ ने कहा कि मंच द्वारा किया जा रहा यह कार्यक्रम सराहनीय है. ऐसे कार्यक्रमों से लोगों में जागरूकता आती है. नप सभापति मनोहर कुमार यादव ने कहा कि मंच के द्वारा इस तरह के शिविर का आयोजन करना मंच को एक नई ऊंचाई प्रदान करेगा. वहीं आगंतुक अतिथियों को मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया. जबकि कैंसर जांच शिविर में कार्यक्रम संयोजक प्रशांत खंडेलिया ने कैंसर संबंधित विस्तृत जानकारी लोगों को दी. वहीं मंच का संचालन कार्यक्रम संयोजक सुजीत बजा ने करते हुए कहा कि मंच ने उठाया है जागृति का बीड़ा, जन जन से दूर हो कैंसर की पीड़ा. इस शिविर के माध्यम से लोगों से संकल्प पत्र भी पढ़ाया गया.
जिसमें धू्रमपान, मदिरापान नहीं करने का संकल्प लिया गया. शिविर में जिले के चिकित्सक डॉ प्रेम कुमार, डॉ नवनीत केडिया, डॉ आनंद कुमार सुल्तानियां, डॉ ज्योत्सना, डॉ रीतू केडिया ने भी सहयोग दिया. कार्यक्रम को सफल बनाने में सुनील केडिया, पुरुषोत्तम गुजरबासिया, अरूण बाजेसरिया, रंजीता केडिया, डोली खेडिया, पूनम केडिया का सराहनीय योगदान रहा. जांच शिविर में लगभग 150 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करा कर जांच कराया.
