शहर में किया विरोध प्रदर्शन
टैक्स वृद्धि का हो रहा विरोध
रेडिमेड कपड़ा दुकानदारों ने भी दिया समर्थन, प्रतिष्ठान को रखा बंद
खगड़िया : बिहार सरकार द्वारा कपड़ा बिक्री पर पांच प्रतिशत कर लगाये जाने के विरोध में चैंबर ऑफ वर्क्स टैक्सटाइल के बैनर तले तीसरे दिन भी कपड़ा व्यवसायियों ने अपना-अपना प्रतिष्ठान बंद रखा. टैक्स वृद्धि के विरोध में जारी प्रदर्शन का समर्थन करते हुए रेडिमेड कपड़ा व्यवसायियों ने भी अपने प्रतिष्ठान बंद रखे. उल्लेखनीय है कि तीन दिनों से टैक्स वृद्धि के विरोध में कपड़ा व्यवसायी शहर के विभिन्न मार्गों में घूम-घूम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.
आंदोलन के अंतिम दिन भी कपड़ा व्यवसायियों की हड़ताल पूरी तरह सफल रही. वहीं कुछ रेडिमेड कपड़ों की खुली दुकानों को भी प्रदर्शनकारियों ने बंद करवाया. प्रदर्शनकारियों ने चाय बेच कर भी टैक्स वृद्धि का विरोध किया. इस दौरान सरकार विरोधी नारे भी लगाये. खगडि़या वस्त्र व्यवसायी संघ के अध्यक्ष सुधीर कुमार, सचिव किरण कुमार, युवा व्यवसायी प्रदीप कुमार, दीप केजरीवाल, पप्पू केजरीवाल, गोपाल फोगला, सुनील लेहरी, शंभु अग्रवाल सहित दर्जनों लोग जुलूस में शामिल थे.
बंद के कारण कपड़े की खरीदारी करने आये लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रदर्शन कर रहे व्यवसायियों ने बताया कि कपड़ा पर टैक्स लागू कर बिहार के कपड़ा व्यवसायियों के साथ नाइंसाफी की गयी है. विरोध प्रदर्शन में अशोक चौधरी, गगन कुमार, पप्पू कुमार, सुनील लहेरी, मनोज गुजरवासिया, दीपक केजरीवाल, जय प्रकाश जैन, विकास, गुड्डू अग्रवाल सहित सैकड़ों व्यवसायियों ने हिस्सा लिया.
