खगड़िया : गोगरी अनुमंडल के वासुदेवपुर पंचायत में सामुदायिक भवन पर कब्जे के बाद उसमें संचालित आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चे भटक रहे हैं. दस दिन पूर्व ही केंद्र संख्या 146 की सेविका माला देवी ने सीडीपीओ को आवेदन देकर पूरे प्रकरण की जानकारी दे दी है. लेकिन, सीडीपीओ मधु प्रियदर्शिनी को अभी तक जांच की फुरसत नहीं मिली है. इधर, केंद्र बंद रहने के बाद पहुंची महिला पर्यवेक्षिका प्रतिमा कुमारी को कब्जा जमाये लोगों ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि किसी भी हाल में यहां आंगनबाड़ी केंद्र नहीं चलने देंगे. आंगनबाड़ी केंद्र में केंद्र का संचालन नहीं भूसा गोइठा रखा जायेगा.
दबंगों के इस फरमान के बाद बेबस महिला पर्यवेक्षिका ने कहा कि पूरी रिपोर्ट सीडीपीओ को सौंपी जायेगी. इधर, यह स्थिति बीते दस दिनों से हैं लेकिन सीडीपीओ को अभी तक जांच के लिये फुरसत नहीं मिली है. उधर, पूछने पर सीडीपीओ मधु प्रियदर्शिनी ने कहा कि अभी तक जांच रिपोर्ट नहीं मिली है. महिला पर्यवेक्षिका को कहा गया है कि अगर दबंग सामुदायिक भवन का ताला नहीं खोल रहे हैं तो बरामदे पर ही केंद्र का संचालन करवाना सुनिश्चित करवाये.
