एनएच-31 बन गयी है जानलेवा
पितोझिया ढाला से सतीश नगर एनएच-31 के बीच अब तक जा चुकी हैं दर्जनों जानें
खगड़िया/पसराहा : एनएच 31 पर चलने में अब तो डर लगने लगा है. खासकर बाइक सवारों की एक-एक कर हुई कई मौतों ने लोगों को हिला कर रख दिया है. हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में मौत की बढ़ी रफ्तार ने कई परिवारों को तबाह कर दिया है.
तमाम प्रशासनिक दावे के बीच सड़क दुर्घटनाओं में मौत का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. थोड़ी सी लापरवाही लोगों को जान देकर चुकानी पड़ रही है. शायद ही कोई ऐसा दिन होगा, जब जिले से होकर गुजरने वाली एनएच 31 पर दुर्घटनाएं न हों. वाहन चालक एनएच पर वाहन चलाने से परहेज करने लगे हैं. लोग एनएच पर चलने को मजबूरी मान रहे हैं.
बच्चों पर रखें खास नजर
एनएच पर रोज हो रही छोटी से बड़ी घटनाओं से वाहन चालक संशकित हैं. वहीं अभिभावक अपनों को एनएच पर चलने की मनाही कर रहे हैं. साथ ही सुरक्षा से संबंधित कई सलाह दे रहे हैं. एनएच पर यात्रा करना लोगों के लिए मुश्किलों से भरा हो गया है. खासकर महिलाओं व बच्चों को पैदल सफर करना भी कम जोखिम भरा नहीं है.
कहते हैं थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष रामदुलार प्रसाद ने बताया कि एनएच 31 के किनारे बने होटल मालिकाें को सड़क के किनारे वाहन नहीं लगाने का निर्देश दिया जायेगा. जिस होटल के सामने सड़क पर वाहन खड़े मिलेंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
