कुरसेला (कटिहार) से अजीत कुमार ठाकुर की रिपोर्ट:
Vehicle Checking Drive Katihar: पूर्णिया-कटिहार जिला सीमा क्षेत्र स्थित टिकापट्टी के समीप रविवार रात कुरसेला थाना पुलिस ने सड़क सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया. थाना अध्यक्ष राकेश कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान सड़क से गुजरने वाले छोटे-बड़े सभी वाहनों की गहन जांच की गई.
वाहनों के दस्तावेजों की हुई जांच
पुलिस टीम ने जांच के दौरान वाहनों के वैध कागजातों की पड़ताल की तथा चालकों को यातायात नियमों के पालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए. अचानक शुरू हुए इस अभियान से वाहन चालकों में कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई. हालांकि जांच के दौरान किसी भी वाहन से कोई अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई.
यात्री और मालवाहक वाहनों पर विशेष नजर
अभियान के दौरान पुलिस ने यात्री वाहनों के साथ-साथ मालवाहक वाहनों की भी बारीकी से जांच की. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए समय-समय पर इस तरह के अभियान चलाए जाते हैं.
तस्करों और अपराधियों में बढ़ी बेचैनी
रात्रि में चलाए गए इस विशेष अभियान से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों और तस्करों में दहशत का माहौल देखा गया. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए इसे सुरक्षा के लिहाज से जरूरी कदम बताया.
संवेदनशील माना जाता है यह मार्ग
जानकारी के अनुसार पूर्णिया-कटिहार सीमा से होकर गुजरने वाला यह सड़क मार्ग अपराध और तस्करी की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है. स्थानीय सूत्रों के मुताबिक गांजा, शराब और स्मैक तस्करी से जुड़े लोग अक्सर चांदपुर चौक और आसपास के ग्रामीण रास्तों का उपयोग कर पुलिस की नजर से बचने का प्रयास करते हैं.
इन्हीं संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कुरसेला थाना पुलिस ने टिकापट्टी क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया.
पुलिस ने दिया सख्त संदेश
इस कार्रवाई के माध्यम से पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है. आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहने की संभावना है.
ALSO READ: कटिहार में आज बारिश के आसार, 34 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
