– विद्युत विभाग के उच्च अधिकारी को शिकायत के बावजूद भी नहीं हो रही है कार्रवाई – आम उपभोक्ताओं को हो रही है परेशानी, घरेलू कनेक्शन लेकर करते हैं व्यावसायिक कार्य बारसोई बार-बार ट्रांसफार्मर जलने व उससे आम उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी को लेकर नगर पंचायत बारसोई के वार्ड संख्या 14 की वार्ड पार्षद आशा रानी साहा ने कहा है कि यह समस्या बड़ी मात्रा में विद्युत चोरी के कारण हो रही है. उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया गया है. उसके बावजूद भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि इसमें मिलीभगत हो. उन्होंने कहा कि बारसोई के कई दुकानदार घरेलू कनेक्शन लेकर इसका व्यावसायिक इस्तेमाल कर रहे हैं. इतना ही नहीं कई लोग तो एयर कंडीशन बिना कनेक्शन के ही चला रहे हैं. जिससे लोड में अप्रत्याशित वृद्धि हो जा रही है. ट्रांसफार्मर बार-बार जल जा रहा है. उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ता जो नियमित रूप से विद्युत बिल का भुगतान कर रहे हैं. उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पर इसे देखने सुनने वाला कोई नहीं है. उन्होंने इस समस्या को लेकर नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को भी अवगत कराया है. पर कोई निष्कर्ष नहीं निकला और अब गर्मी के दिन में तो परेशानी और बढ़ गई है. उन्होंने उच्च अधिकारियों से इस विषय को गंभीरता से लेते हुए इसके निराकरण की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
