कोढ़ा नगर पंचायत कोढ़ा में नागरिक सुविधाओं के तहत दो माह पूर्व बनाये गये शौचालयों की दुर्दशा अब आमलोगों और राहगीरों के लिए मुसीबत बनती जा रही है. कोढ़ा हाई स्कूल मैदान के सामने तथा कोढ़ा थाना के मुख्य द्वार के निकट स्थित नगर पंचायत द्वारा निर्मित सार्वजनिक शौचालय गंदगी और दुर्गंध का अड्डा बन गया है. लोगों और राहगीरों का कहना है कि शौचालय की हालत इतनी खराब हो गई कि उसका उपयोग करना तो दूर, उसके आसपास से गुजरना भी किसी सजा से कम नहीं है. दरवाजा टूटा पड़ा है, अंदर कचरे का अंबार लगा है. सफाई के अभाव में स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है. राहगीरों को नाक पर रूमाल रखकर गुजरना पड़ रहा है. कोढ़ा हाई स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. स्थानीय निवासी रमेश कुमार, गोपी कुमार ने बताया कि, यह शौचालय राहगीरों और आम जनता की सुविधा के लिए बनाया था लेकिन आज यह बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही का प्रतीक बन गया है. स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं. प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए. कोढ़ा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने कहा कि, यह शौचालय दो महीने पहले बनाया था. आधिकारिक तौर पर शुरू करने से पहले ही अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ताला तोड़ दिया और गंदगी फैला दी. नगर पंचायत जल्द ही शौचालय की सफाई कराकर इसे नियमित उपयोग के लिए चालू करेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
