दो दिनों में आरपीएफ की कार्रवाई : गांजा-शराब जब्त, सात बच्चे किये गये रेस्क्यू

रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर RPF ने कटिहार में बड़ा अभियान चलाया. दो दिनों की कार्रवाई में 15 किलो से अधिक गांजा और 185 बोतल शराब जब्त की गई. साथ ही सात नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया गया और एक बीमार यात्री की मदद की गई.

रेल यात्रियों की सुरक्षा और गैर-कानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कटिहार रेल मंडल समेत पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के विभिन्न मंडलों में विशेष अभियान चलाया. बीते दो दिनों के दौरान आरपीएफ ने गांजा और शराब की तस्करी, मोबाइल चोरी सहित कई मामलों में कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया. साथ ही सात नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया और एक बीमार बुजुर्ग यात्री की मदद कर मानवता का परिचय दिया.

15 किलोग्राम से अधिक गांजा और 185 बोतल शराब जब्त

आरपीएफ ने सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी), आबकारी विभाग, बाल कल्याण अधिकारियों और अन्य एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान चलाया. इस दौरान पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से करीब 15 किलोग्राम से अधिक गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 7.60 लाख रुपये है, बरामद किया गया. वहीं अलग-अलग मामलों में 20 हजार रुपये से अधिक मूल्य की 185 बोतल शराब भी जब्त की गई. इन मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई.

सात चोरी के मोबाइल बरामद

मोबाइल चोरी के मामलों में भी आरपीएफ को सफलता मिली. अभियान के दौरान करीब 1.04 लाख रुपये मूल्य के सात मोबाइल फोन बरामद किए गए. गिरफ्तार आरोपियों और बरामद मोबाइल फोन को आगे की कार्रवाई के लिए सरकारी रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया.

सात नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू

मानवीय पहल के तहत आरपीएफ ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों से सात नाबालिग बच्चों, जिनमें छह लड़के और एक लड़की शामिल हैं, को सुरक्षित रेस्क्यू किया. सभी बच्चों को पुनर्वास और देखभाल के लिए संबंधित बाल कल्याण समिति एवं चाइल्ड हेल्प डेस्क को सौंप दिया गया.

बीमार बुजुर्ग यात्री की बचाई जान

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन पर एक बीमार बुजुर्ग यात्री को आरपीएफ कर्मियों ने तत्काल सहायता उपलब्ध कराई. यात्री की पहचान कर उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए रेलवे स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. बाद में रेलवे एंबुलेंस से बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया तथा उनके परिजनों को भी तत्काल सूचना दी गई.

आरपीएफ ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा और रेलवे परिसरों को अपराधमुक्त बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Niraj kumar

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >